ऐप पर पढ़ें
कांग्रेस ने बिहार के सासाराम लोकसभा सीट से मनोज कुमार भारती को उम्मीदवार बनाया है। मनोज कुमार पिछले लोकसभा चुनाव में सासाराम से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। मनोज कुमार कैमूर जिला के कुदरा प्रखंड के सकरी गांव के निवासी हैं। उनकी मैट्रिक तक की पढ़ाई कुदरा के जेएमसी विद्यालय से हुई है। वहीं उन्होंने रूलर ऑफ डेवलपमेंट की पढ़ाई पटना इग्नू से की है। उनकी मां यशोदा देवी आजीवन कांग्रेसी रही हैं। पार्टी में कैमूर महिला सेल की अध्यक्ष भी रही हैं। मनोज कुमार के राजनीतिक कॅरियर का आगाज 2016-17 में हुआ। कुछ समय के लिए मनोज कुमार ने मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी से भी जुड़े थे।
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता मीरा कुमार ने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया था। रही हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मीरा कुमार ने कहा था कि 2024 के आम चुनाव में मैंने नहीं लड़ने का निर्णय किया है। मैं अपने देश के लोगों, विशेषकर गरीब, वंचित वर्ग और महिलाओं की सेवा हमेशा करती रहूंगी।
बता दें कि मीरा कुमार बिहार की सासाराम सीट से पांच बार सांसद रह चुकी हैं। जब केंद्र में यूपीए सत्ता में थी, तब मीरा कुमार को 2009 में लोकसभा अध्यक्ष बनाया गया था। उनके पिता जगजीवन राम 1952 के प्रथम चुनाव से 1986 तक सासाराम लोकसभा से लगातार आठ बार सांसद रहे थे।
