ऐप पर पढ़ें
बिहार एनडीए में सीटों के बंटवारे का ऐलान कभी भी हो सकता है। बीजेपी के महासचिव और बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने बुधवार को कहा है कि अगले 24 घंटे में सब कुछ साफ हो जाएगा। दिल्ली में मीडिया के साथ बातचीत के दौरान तावड़े ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर कहीं कोई रस्साकसी नहीं है। उन्होंने कहा कि एक बार सीटों का बंटवारा हो जाने के बाद एनडीए के घटक दलों की ओर से अपने-अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया जाएगा। बता दें कि भाजपा की पहली लिस्ट आ चुकी है और उसमें बिहार के किसी भी प्रत्याशी का ऐलान नहीं किया गया था। विनोद तावड़े का बयान सामने आने के बाद अब अगर 24 घंटे में बिहार में सीटों का बंटवारा हो जाता है तो जल्द ही प्रत्याशियों का ऐलान हो सकता है।
इस बीच सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार लोजपा के दोनों खेमों के बीच अभी तक सुलह नहीं हो पाई है और इसलिए सीट शेयरिंग में दिक्कत हो रही है। भाजपा नेता मंगल पांडे ने इस बाबत लोजपा नेता पशुपति कुमार पारस से मुलाकात की थी लेकिन बात बन नहीं पाई। वहीं दूसरी ओर बीजेपी आलाकमान चिराग पासवान के सीधे संपर्क में है। माना जा रहा है कि प्रदेश भाजपा नेताओं की ओर से लोजपा का विवाद न सुलझा पाने के बाद अब भाजपा आलाकमान इस मामले में दखल दे सकता है। सूत्रों के अनुसार भाजपा की रणनीति है कि लोजपा के दोनों खेमों को 5 सीटें दी जाएं।
वहीं दूसरी ओर जेडीयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अशोक चौधरी ने भी कहा है कि लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए की बिहार की सीटों की घोषणा संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर की जाएगी। जल्द ही सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार भी जल्द हो सकता है। लोजपा के दोनों गुटों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा उनलोगों से बात कर रही है।
