ऐप पर पढ़ें
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम एवं आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने अपने कमर दर्द के बारे में भी जनता से बात की। जहानाबाद में आरजेडी प्रत्याशी सुरेंद्र यादव के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि बेरोजगारी के दर्द के आगे उनका कमर दर्द कुछ भी नहीं है। उन्होंने पीएम मोदी को अब तक का सबसे बड़ा झूठा प्रधानमंत्री बताया और कहा कि वह कभी मुद्दे पर बात नहीं करते। बता दें कि तेजस्वी बीते कुछ दिनों से कमर दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं, दो दिन पहले उन्होंने पटना के आईजीआईएमएस में जांच और इलाज भी कराया।
तेजस्वी यादव ने जहानाबाद के गांधी मैदान में बुधवार को आरजेडी की चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी हिंदू मुस्लिम की बात कर नफरत फैलाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश मे लोकतंत्र और संविधान की विचारधारा को बचाने हम आए हैं। बेरोजगारी के दर्द के आगे मेरे कमर का दर्द कुछ भी नहीं है। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो देश में एक करोड़ बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का वह काम करेंगे।

बीजेपी-जेडीयू और पीएम मोदी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बताएं कि देश से गरीबी और महंगाई कब खत्म होगी। उन्होंने आह्वान किया कि सभी वर्ग एवं संप्रदाय के लोग गोलबंद होकर नया बिहार बनाने के लिए हमें आशीर्वाद दें और जहानाबाद से महागठबंधन के प्रत्याशी सुरेंद्र प्रसाद यादव को विजयी बनाएं। चुनावी सभा को वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी, जहानाबाद संसदीय क्षेत्र के महागठबंधन के राजद प्रत्याशी सुरेंद्र यादव सहित कई विधायकों ने संबोधित किया। इसके पूर्व हजारों की संख्या में प्रत्याशी सुरेंद्र प्रसाद यादव ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष नामांकन-पत्र दाखिल किया।
