ऐप पर पढ़ें
बिहार की कानून व्यवस्था और आपराधिक घटनाओं को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर हमला बोला है। जुलाई महीने के 4 दिनों की आपराधिक घटनाएं दिखाकर कहा कि एनडीए के महा मंगलराज में रक्तरंजित इन मंगलमय घटनाओं का जिक्र करना भी निर्मम अपराध की श्रेणी में आता है।
तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज 𝟕 जुलाई 𝟐𝟎𝟐𝟒 रविवार, आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को विगत 𝟑-𝟒 दिनों में 𝐍𝐃𝐀 के महा मंगलराज में घटित अपराधियों द्वारा बेख़ौफ़ गोली चला मानव हत्याएं करने वाली घटनाओं का दुःखद विवरण इस प्रकार है। 𝐁𝐉𝐏 के जिम्मेवार, सुसंस्कारित व शास्त्रीय नेताओं के अनुसार डबल इंजन पावर्ड 𝐍𝐃𝐀 सरकार के महा मंगलराज में रक्तरंजित इन मंगलमय घटनाओं का जिक्र करना भी निर्मम अपराध की श्रेणी में आता है। वीडियो में 𝟑-𝟒 दिनों का मंगल है।
यह भी पढ़िए- तेजस्वी यादव ने 3 दिन में बिहार की 33 वारदातें गिनाई, पीएम मोदी से जंगलराज पर दागा सवाल
आपको बता दें बीते कुछ दिनों से तेजस्वी यादव लगातार प्रदेश में घट रहे क्राइम और पुल गिरने की घटनाओं को लेकर नीतीश सरकार पर हमलावर हैं। आपराधिक घटनाओं का विवरण देकर सरकार को घेर रहे हैं। इससे पहले तेजस्वी यादन ने कहा था कि बिहार के इस खूनी राज को आप क्या नाम देंगे? बिहार में अनियंत्रित जानलेवा अपराध पर मुख्यमंत्री और उनके दो-दो डिप्टी सहायकों की चुप्पी उनकी अपराध रोकने की असमर्थता,अक्षमता एवं अशक्तता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। बिहारवासी अपने जान-माल की रक्षा स्वयं करें।
वहीं बीते 11 दिनों में जिस तरह एक के बाद एक लगातार पुलों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही है। उस पर भी नीतीश सरकार को घेरा था। और तंज कसते हुए कहा था कि बीजेपी और नीतीश कुमार की बिहार में 𝟏𝟖 वर्षों की रिकॉर्डतोड़ ईमानदारी से तंग आकर 𝟏𝟓 दिन में अभी समाचार लिखे जाने तक कुल 𝟏𝟎 पुलों ने पानी में कूदकर आत्महत्या कर ली।
