ऐप पर पढ़ें
बिहार के जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन पर शुक्रवार को जमकर पथराव किया गया। यह घटना मधुबनी जिले में स्थित समस्तीपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले सकरी ककरघट्टी स्टेशन के बीच की है। पथराव से ट्रेन के एसी कोच एम 1, बी 3 एवं बी6 की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में ट्रेन में सवार कुछ यात्री जख्मी हो गए, जिनका समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर इलाज किया गया। पथराव होने से ट्रेन में अफतराफतरी मच गई और यात्री डर गए। बीते 24 घंटे के भीतर ट्रेन पर पथराव होने की यह दूसरी घटना है। गुरुवार को बक्सर के चौसा रेलवे स्टेशन पर भी सिकंदराबाद दानापुर एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव किया गया था, जिससे एसी बोगी में बैठे कई यात्री घायल हो गए थे।
इस घटना को लेकर यात्रियों ने हंगामा भी किया। जख्मी यात्रियों में मधुबनी निवासी सुचित्रा देवी सहित अन्य शामिल हैं। यात्रियों ने कहा कि पथराव होने के कारण कोच में अफरातफरी मच गई। अगर कांच टूट कर बिखर जाते तो पत्थर अंदर आ जाते और इससे और भी यात्री जख्मी होते। संयोग रहा कि शीशे तोड़कर पत्थर अंदर नहीं आए। शीशे टूटने से कई यात्रियों को आंखों में जलन की शिकायत हुई।

यात्रियों ने कहा इसकी शिकायत कोच अटेंडेंट एवं टीटीई से भी की गई। इसके बावजूद इलाज की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने ट्रेन के अगले स्टेशन पर इलाज करने की बात कही, लेकिन मधुबनी, दरभंगा के बाद समस्तीपुर में हंगामा करने के बाद मेडिकल टीम बुलाई गई। जख्मी यात्रियों के परिजन का कहना था कि उनका ट्रेन में ही इलाज कर दिया जाए, लेकिन मेडिकल टीम ने उनसे उतरकर अस्पताल चलने की बात कही। इसी बात पर मेडिकल टीम से भी यात्री की झड़प हो गई। हालांकि आरपीएफ ने यात्रियों को समझा बूझकर इलाज के बाद ट्रेन को रवाना किया।
