ऐप पर पढ़ें
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मंगलवार को पटना के डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कराने की सलाह दी है। डीएम ने कहा कि स्कूल इसके लिए योजना बना सकते हैं। वहीं 12वीं तक की कक्षाएं सुबह साढ़े दस बजे तक ही चलाने का आदेश दिया है। उन्होंने दिन के 10:30 बजे से शाम के 4:30 बजे तक सभी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां बंद रखने का आदेश दिया है। यह आदेश आठ मई तक प्रभावी रहेगा।
इससे पहले डीएम ने 25 अप्रैल को आदेश जारी किया था। उसमें उन्होंने कक्षा 12 तक के स्कूलों के लिए दिन के 10:30 बजे से शाम के 4:30 बजे तक शैक्षणिक गतिविधियां बंद रखने का आदेश दिया था। मंगलवार को मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी लू और भीषण गर्मी की चेतावनी को देखते हुए उन्होंने यह आदेश दिया।
Bihar weather: बिहार में मौसम का पारा हाई, फिलहाल प्रचंड गर्मी से राहत नहीं; एडवाइजरी जारी
बच्चों को दोपहर में बाहर नहीं निकलने दें
लगातार बढ़ रही गर्मी और लू से बचाव के लिए बच्चों को खासतौर से दोपहर की धूप में घर से बाहर नहीं निकलने दें। पटना मेडिकल कॉलेज (पीएमसी) के प्राचार्य डॉ. विद्यापति चौधरी बताते हैं कि पारा 40 डिग्री के आसपास है। इस मौसम में बच्चों का खास ध्यान रखना जरूरी है। जब तक कोई बेहद जरूरी काम नहीं हो तब तक बच्चों को धूप में जाने से रोकें। यदि बेहद जरूरी काम से बच्चों को दोपहर में ले जाना है तो उन्हें फूल स्लीव कपड़ा पहनाकर ले जाए। उन्हें नियमित तौर पर पानी, फलों का जूस आदि पिलाते रहे।
