Pappu Yadav not go back says he will win 2024 Lok Sabha Election for Purnia honor – पप्पू यादव नहीं बैठेंगे, बोले

Pappu Yadav not go back says he will win 2024 Lok Sabha Election for Purnia honor – पप्पू यादव नहीं बैठेंगे, बोले


ऐप पर पढ़ें

बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट पर महागठबंधन से चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलने पर पूर्व सांसद पप्पू यादव अब आर-पार के मूड में आ गए हैं। उन्होंने मंगलवार को अपने समर्थकों से मैदान में जुट जाने के लिए कहा है। उन्होंने संकेत दे दिए हैं कि वह लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। भले ही कांग्रेस से उन्हें सिंबल नहीं मिले, वे निर्दलीय ही मैदान में उतरेंगे। पप्पू यादव ने कहा कि 2024 का चुनाव वह पूर्णिया के सम्मान में जीतकर दिखाएंगे। दरअसल, पूर्णिया सीट महागठबंधन में आरजेडी के खाते में आई है। लालू यादव की पार्टी ने यहां से विधायक बीमा भारती को उम्मीदवार बनाया है। इससे अपनी जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय करने वाले पप्पू यादव को करारा झटका लगा। वे कांग्रेस के टिकट पर पूर्णिया से 2024 का चुनाव लड़ना चाहते थे।

पप्पू यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने लिखा, “साथियों, अगले 24 दिन 24 घंटे मैदान में जुट जाएं, 24 का चुनाव जीतेंगे पूर्णिया के सम्मान में।” पप्पू यादव ने पूर्व में पूर्णिया सीट से मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की घोषणा की थी। हालांकि, अब वह 4 अप्रैल को अपना पर्चा भरेंगे। इस सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना है।

इससे पहले उन्होंने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से पूर्णिया सीट पर पुनर्विचार करने की अपील की थी। पप्पू यादव ने कहा कि गठबंधन हित में लालू यादव पूर्णिया सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दें। मगर, आरजेडी ने उनकी इस अपील को दरकिनार कर दिया है, ऐसे में अब पप्पू यादव के निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरने के कयास लगाए जा रहे हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस पप्पू यादव को पूर्णिया से सिंबल देने के मूड में नहीं है। अगर फिर भी वे पूर्णिया से निर्दलीय ताल ठोकते हैं तो पार्टी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकती है। 

लालू से नहीं भिड़ेगी कांग्रेस, कैंडिडेट लिस्ट में ना कन्हैया और ना ही पप्पू यादव का नाम

पूर्णिया में त्रिकोणीय होगा मुकाबला?

पप्पू यादव अगर निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरते हैं तो पूर्णिया लोकसभा सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो जाएगा। पिछले कुछ महीनों में पप्पू यादव ने इस लोकसभा क्षेत्र में जनसंपर्क कर अपना जनाधार बढ़ाया है। कांग्रेस में आने से पहले उन्होंने पिछले दिनों पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में विशाल रैली का आयोजन किया था। इसमें बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। पूर्णिया में महागठबंधन बीमा भारती और एनडीए से मौजूदा जेडीयू सांसद संतोष कुशवाहा मैदान में हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *