ऐप पर पढ़ें
बीजेपी के गिरिराज सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय का पदभार संभाला है। इस जिम्मेदारी को संभालते हुए उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश के लोगों को रोजगार मुहैया कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। कपड़ा उद्योग केवल कपड़ा और फैशन तक ही सीमित नहीं है, यह इन सबसे कहीं अधिक बढ़कर है।
कपड़ा उद्योग, कपड़ा और फैशन से बढ़कर
कपड़ा मंत्री का पदभार संभाले हुए सम्मानित और उत्साहित महसूस कर रहा हूँ। कपड़ा मंत्री का पद हमारे देश की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और विरासत के लिए बहुत महत्व रखता है। क्योंकि कपड़ा उद्योग केवल कपड़ा और फैशन तक ही सीमित नहीं है। इससे देश की समृद्ध विरासत, एक लंबा इतिहास, विविध परंपराएं जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा लाखों कारीगरों, श्रमिकों और व्यवसायों की उद्यमशीलता की भावना भी जुड़ी हुई है।
कपड़ा मंत्री बन उत्साहित, बताया फ्यूचर प्लान
टेक्सटाइल मिनिस्ट्री की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए बड़ी बात है मैं इसे उत्साह के साथ स्वीकारता हूँ। टेक्सटाइल मिनिस्टर के पद पर रहते हुए मैं एक ऐसा भविष्य बुनूंगा जो आर्थिक रूप से मजबूत और सामाजिक- पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार भी होगा। हमारी आगे की यात्रा अवसरों से भरी हुई है। मुझे विश्वास है कि सामूहिक प्रयास के जरिए हम उल्लेखनीय मील के पत्थर हासिल करेंगे।
मोदी सरकार की तुलना कांग्रेस से करी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां स्पष्ट है भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। जब नीतियां स्पष्ट है और मिशन साफ है तो उसमें कोई दिक्कत नहीं है। यह कांग्रेस की तरह नहीं है। यह मोदी जी की सरकार है और देश बढ़ता रहेगा। जहां तक मेरे मंत्रालय का सवाल है, इसमें काम करने की असीम संभावनाएं हैं।
कपड़ा मंत्रालय में रोजगार की अपार संभावनाएं
देश में सबसे अधिक रोजगार कपड़ा मंत्रालय ही देता है। कपड़ा मंत्रालय में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं। टेक्सटाइल्स सेक्टर किसानों से भी सीधे जुड़ा हुआ है। एक्सपोर्ट में इस सेक्टर की दुनिया भर में अच्छी भागीदारी है। देश के साथ-साथ बिहार और क्षेत्र के लिए भी काम करूंगा।
