No jungle raj in future Mangal Pandey lashed out at Lalu said target of 40 in Bihar and 400 in the country – अब जंगल राज नहीं, लालू पर बरसे मंगल पांडे, कहा

No jungle raj in future Mangal Pandey lashed out at Lalu said target of 40 in Bihar and 400 in the country – अब जंगल राज नहीं, लालू पर बरसे मंगल पांडे, कहा


Bihar Lok Sabha Election 2024: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रभारी मंगल पांडेय का दावा है कि बिहार की सभी 40 सीटें एनडीए जीतेगा। देश में 400 का आंकड़ा पार करेगा। वे कहते हैं कि एनडीए ने ही रोजगार दिया है और आगे भी हम ही देंगे। लालू परिवार को बिहार की जनता से कोई लेना-देना नहीं है। लोग बिहार में अब दुबारा जंगलराज नहीं आने देंगे। नीतीश कुमार के साथ हमारा गठबंधन स्वाभाविक है और पीएम नरेंद्र मोदी पर देश के लोगों का अटूट विश्वास है। चुनावी व्यस्तता के बीच उनसे बातचीत की हिन्दुस्तान के प्रधान संवाददाता संजय ने, प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश-

● ज्यादातर क्षेत्रों में वर्तमान सांसदों से लोगों की नाराजगी सामने आई है। खासकर क्षेत्र में नहीं जाने, मतदाताओं से दूरी बनाए रखने की। ऐसे में एनडीए ने लोगों की नाराजगी दूर करने के क्या उपाय किये हैं?

पीएम मोदी पर लोगों का अटूट भरोसा है। लोग यह मानते हैं कि मोदजी 2047 तक देश को विकसित बनाएंगे। देश के गांव, गरीब किसान, नौजवानों का कल्याण होगा। इसी मुद्दे पर ही देश की जनता सभी बातों से आगे जाकर एनडीए को अपना वोट, आशीर्वाद और समर्थन दे रही है।

● आपने बिहार के कई क्षेत्रों का दौरा किया। प्रधानमंत्री समेत अन्य बड़े नेताओं के साथ मंच साझा किया। एनडीए का प्रदर्शन कैसा रहने की उम्मीद है?

इस बार सभी 40 सीटों पर एनडीए जीतेगा। बिहार की जनता पूरा समर्थन मोदीजी को देना चाहती है। देश में 400 पार के आंकड़ा में 40 बिहार की जनता मोदीजी को देगी।

● आप पार्टी की बंगाल इकाई के प्रभारी भी हैं। वहां 2019 की तुलना में क्या स्थिति है?

इस बार बंगाल में मोदीजी व भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। ममता बनर्जी के खिलाफ गुस्सा बंगाल के लोगों के मन में है। संदेशखाली की घटना को माताओं-बहनों ने देखा है। लोगों का गुस्सा वोटिंग मशीन में ममता दीदी को हराने के रूप में दिखाई देगा। बंगाल में युवा पलायन कर रहे हैं। उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है। उद्योग बंद हो गए हैं। विकास ठहर गया है। केवल लूट तंत्र, अपराध व अपराधी दिख रहे हैं। इस बार बंगाल की जनता अपराधमुक्त, हिंसामुक्त व विकासशील सरकार बनाने के लिए मोदीजी को वोट दे रही है। 42 में से 30 से अधिक सीटों पर भाजपा चुनाव जीत रही है।

● बंगाल में ममता बनर्जी से मुकाबले के लिए आपने क्या रणनीति अपनायी है? आपके केन्द्रीय नेतृत्व ने भी इस राज्य पर विशेष फोकस किया है?

पश्चिम बंगाल में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया। टीएमसी के भ्रष्टाचार के खिलाफ जो गुस्सा है, उसे सड़कों पर लाया। ममता बनर्जी के खिलाफ उपजे गुस्से को सड़क पर लोकतांत्रिक तरीके से लाकर उसका विरोध किया। इस कारण भाजपा के पक्ष में लोगों का विश्वास बढ़ा है। पार्टी की ताकत बढ़ी, जनसमर्थन बढ़ा। मोदीजी, जेपी नड्डा व अमित शाह के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल इकाई ने अथक परिश्रम कर पार्टी के जनाधार को व्यापक बना दिया है।

● चुनाव के ठीक पहले बिहार में बदले सत्ता समीकरण का कितना फायदा होता दिख रहा है?

पांच महीने पहले बिहार की परिस्थिति अलग थी। सीएम नीतीश कुमार पुराने गठबंधन को फिर से साथ ले आए। यह स्वाभाविक गठबंधन था। बिहार की जनता इस गठबंधन को पसंद करती है। इसी गठबंधन ने 2005 के बाद बिहार की तस्वीर बदली, चेहरा बदला, दिशा और दशा बदली। इस कारण ही सभी 40 सीटों पर जीत हासिल होगी।

● रोजगार के मसले पर विपक्ष लगातार एनडीए पर हमलावर है। नौकरियों का श्रेय भी शत-प्रतिशत लेने का दावा विपक्ष के नेता कर रहे हैं?

जिन लोगों ने बिहार के लोगों से जमीन के नाम पर पैसे और संपत्ति लूटी, वे इस तरह की अनर्गल बातें कर रहे हैं। 2020 में हमने आत्मनिर्भर संकल्प में 10 लाख रोजगार देने की बात कही थी। हम लोगों ने रोजगार दिए हैं। अभी एक साल चार महीने बाकी है। बाकी बची अवधि में 10 लाख रोजागर देने के वायदा को भी हम पूरा करेंगे।

● आपके मुताबिक इस चुनाव के प्रभावी मुद्दे क्या-क्या रहे?

देश का विकास, आत्मनिर्भर व विकसित बनाना है। राष्ट्र की सीमाओं को सुरक्षित रखना है। जो हमारी सनातन व सांस्कृतिक परम्परा रही है, उसको पुन:स्थापित करना है। गांव से शहर तक को विकास की एक धारा में आगे बढ़ाना है। स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार प्रमुख मुद्दा है। इन सभी क्षेत्रों में बिहार व केंद्र सरकार ने बेहतर काम किया है। इन मुद्दों पर हम जनता का समर्थन मांग रहे हैं।

● राजद को आपलोगों ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर घेरने की कोशिश की। मतदाताओं तक कितनी बात पहुंची?

परिवारवाद और भ्रष्टाचार से राजद घिरा हुआ है। 2010 में इसी भ्रष्टाचार के कारण राजद को 22 सीटें मिली थी। 2019 में खाता नहीं खुला। राजद के प्रति लोगों के मन में जो भाव है, वह कई बार स्पष्ट हुआ है। इसलिए 2005 के बाद राजद कभी खड़ा नहीं हो पाया। बिहार की जनता ना तो अपराधियों का शासन चाहती है और न ही अपराधियों को संरक्षण देने वाली सरकार चाहती है। लोग सड़कों को गड्ढा में बदलने वाली सरकार नहीं चाहते हैं। न ही विकास को बंद कर अपहरण उद्योग चलाने वाली सरकार चाहते हैं।

● आप प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। इस बार प्रदेश भाजपा का चुनाव प्रबंधन और एनडीए के घटक दलों में कैसा तालमेल दिखा?

बहुत बेहतर चुनाव प्रबंधन के साथ भाजपा लोस चुनाव लड़ रही है। एनडीए के सहयागी दलों के साथ बेहतर समन्वय से चुनाव प्रचार चला। सभी सीटों पर एनडीए के घटक दलों के नेताओं का व्यवस्थित तरीके से चुनावी दौरा हो रहा है। स्थानीय स्तर पर सभी दल के कार्यकर्ता एक-दूसरे के लिए काम कर रहे हैं।

● चुनाव बाद संगठन और सरकार में क्या फेरबदल हो सकता है?

यह मेरा विषय नहीं है। मैं इतना जनता हूं कि जनता के आशीर्वाद से मोदीजी की सरकार देश में बनने जा रही है। बिहार सरकार में शामिल हम लोग केंद्र सरकार के साथ मिलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास कार्यों को और आगे बढ़ाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *