NDA lost in Modi govt 2 and Nitish government 4 ministers stronghold BJP JDU bigwigs report card spoiled

NDA lost in Modi govt 2 and Nitish government 4 ministers stronghold BJP JDU bigwigs report card spoiled


ऐप पर पढ़ें

लोकसभा चुनाव परिणाम में इस बार बिहार में बड़ा उलटफेर हुआ। पिछली बार 40 में से 39 सीटों पर जीत हासिल करने वाला एनडीए इस बार 30 सीटों पर सिमट गया। नौ सीटों का नुकसान एनडीए को हुआ है। इस चुनावी उलटफेर में बिहार से दो केंद्रीय मंत्री ही जीते। एक केंद्रीय मंत्री खुद चुनाव हार गए तो एक के क्षेत्र से एनडीए को हार का सामना करना पड़ा। एक अन्य बेटिकट हो गए। हालांकि उनके क्षेत्र में एनडीए जीता। राज्य में नीतीश सरकार के चार मंत्रियों के गढ़ में भी एनडीए के घटक दलों को पराजय का सामना करना पड़ा है। 

मोदी सरकार 2.0 में बिहार से पांच केंद्रीय मंत्री थे। इसमें से एक केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे आरके सिंह आरा से तीसरी बार चुनावी मैदान में थे। वे भाकपा माले के सुदामा प्रसाद से इस बार हार गए। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री रहे अश्विनी कुमार चौबे बक्सर से सांसद थे। इस बार पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। उनकी जगह बक्सर में इस बार पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी को भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा। पार्टी का यह प्रयोग असफल रहा। बक्सर में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। मिथिलेश तिवारी राजद के सुधाकर सिंह से हार गए। 

आखिरी चरण में 6 सीटें हारा एनडीए, क्या काराकाट में राजपूतों की गोलबंदी से एंटी-पोलराइज हुए पिछड़े?

रालोजपा प्रमुख केंद्रीय मंत्री रहे पशुपति कुमार पारस इस बार चुनावी मैदान में नहीं थे। उनकी सीट हाजीपुर से लोजपा (आर) सुप्रीमो चिराग पासवान चुनाव जीत गए जो एनडीए के लिए सुखद रहा। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री रहे गिरिराज सिंह बेगूसराय से तो केंद्रीय गृह राज्यमंत्री की जिम्मेवारी संभाल रहे नित्यानंद राय उजियारपुर से चुनाव जीतने में सफल रहे।

वहीं, बिहार सरकार के मंत्रियों वाले कई इलाकों में भी एनडीए को हार का सामना करना पड़ा। इसमें से जदयू कोटे से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह पूर्णिया के धमदाहा से विधायक हैं। पूर्णिया सीट से जदयू के संतोष कुशवाहा को निर्दलीय उम्मीदवार राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव से हार का सामना करना पड़ा। 

बिहार में बीजेपी का प्रदर्शन 15 साल पीछे खिसका, सीटों के साथ वोट शेयर भी गिरा

जदयू कोटे से मो. जमा खान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सासाराम के चैनपुर से विधायक हैं। साथ ही भाजपा कोटे से श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह रोहतास और कैमूर स्थानीय प्राधिकार कोटे से विधान पार्षद हैं। इन दोनों मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्र सासाराम में भाजपा ने इस बार पिछली बार के सांसद छेदी पासवान के बदले पूर्व विधायक शिवेश राम को चुनावी मैदान में उतारा। यहां भाजपा को हार का सामना करना पड़ा और कांग्रेस के मनोज कुमार बाजी मार ले गए। 

भाजपा कोटे के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल पूर्णिया, अररिया और किशनगंज स्थानीय प्राधिकार कोटे से विधान पार्षद हैं। इसमें पूर्णिया और किशनगंज में एनडीए को हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *