ऐप पर पढ़ें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को बिहार दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी दिल्ली से विशेष विमान से 9 बजे सुबह गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से नालंदा जाएंगे। यहां वे नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष का अवलोकन करेंगे। तीसरी बार पीएम बनने के बाद यह उनका पहला बिहार दौरा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उनके साथ होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 देशों की साझेदारी से स्थापित अंतरराष्ट्रीय नालंदा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित कैम्पस एवं उसमें बनी कुल 221 संरचनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से गया लौटेंगे। गया एयरपोर्ट से विशेष विमान से दिल्ली रवाना होंगे। पीएम नालंदा में करीब ढाई घंटे रहेंगे।
नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का शिलान्यास 19 सितंबर 2014 को तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने किया था। अब पीएम मोदी ठीक 9 साल बाद दुूनिये के सबसे बड़े ‘जीरो नेट कैंपस’ को देश के लोगों को समर्पित करेंगे। यह कैंपस राजगीर की पंच पहाड़ियों में से एक वैभारगिरि की तलहटी के 455 एकड़ के क्षेत्र में 1749 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर गया से लेकर नालंदा तक सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जमीन से आसमान तक अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पीएम मोदी सुबह 10 बजे प्राचीन नालंदा महाविहार भी पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग होते हुए खाजा नगरी सिलाव व कई धर्मों के प्रवर्तकों की कर्मभूमि रही राजगृह होते हुए अंतरराष्ट्रीय नालंदा विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद वे गया होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
