ऐप पर पढ़ें
केंद्र सरकार मौजूदा वित्तीय वर्ष में 50 लाख लोगों को कपड़ा उद्योग से जोड़ेगी। नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में वस्त्र मंत्री बनने के बाद गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को यह ऐलान किया। गिरिराज ने पटना में कहा कि बिहार का विकास प्राथमिकता में है। कृषि के बाद सबसे ज्यादा 4.5 करोड़ लोग वस्त्र उद्योग से जुड़े हुए हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 50 लाख लोगों को और जोड़ने का लक्ष्य मंत्रालय ने रखा है, इसमें बिहार की बड़ी भागीदारी होगी।
गिरिराज सिंह केंद्रीय वस्त्र मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद शनिवार को पटना पहुंचे। पटना के स्टेट गेस्ट हाउस में उन्होंने बिहार उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि बिहार समेत देशभर में कपास की खेती, धागा, फैब्रिक, क्लस्टर बनाने में बड़ी संख्या में लोग लगे हुए हैं। आने वाले समय में लाखों लोगों को इस उद्योग से जोड़कर रोजगार मुहैया कराया जाएगा। मजदूरों को सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी।

मंत्री गिरिराज ने कहा कि अब कार्बन फैब्रिक का जमाना है। यह अभी बाहर से आ रहा है। देश में इस दिशा में शोध को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि इसे बाहर से नहीं मंगाना पड़े। उन्होंने कहा कि बिहार में प्लग एंड प्ले की सुविधा भी बढ़ाई जाएगी। राज्य की डेढ़ करोड़ सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाएं वस्त्र उद्योग में क्रांति ला सकती हैं।
