ऐप पर पढ़ें
बिहार के पूर्णिया में एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू और केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान पप्पू यादव ने केंद्र से पूर्णिया एयरपोर्ट का निर्माण जल्द करवाने और उसका संचालन शुरू करने की मांग की। मुलाकात के दौरान सांसद ने उन्हें एक पत्र सौंप कर पूर्णिया एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और कहा कि इससे कोसी-सीमांचल के क्षेत्र में विकास के कार्यों को गति मिलेगी। सालों से यहां के लाखों लोग एयरपोर्ट के लिए बाट जोह रहे हैं।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू को पत्र के माध्यम से बताया कि सरकार की ओर से इसके लिए घोषणा हुई है, मगर इसके निर्माण के लिए कोई ठोस कार्य अब तक नहीं किए गए हैं। उन्होंने पूर्णिया में एयरपोर्ट निर्माण में हो रहे विलंब को लेकर राज्य सरकार की भूमिका को भी उदासीन बताया। सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने का काम बिहार सरकार का है, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मेरा विचार है कि एयरपोर्ट निर्माण में जिस व्यक्ति या संस्थान की भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है या किया जाना है। उसे बाजार मूल्य पर यानी स्थानीय भूमि सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा दिए जाने की कार्यवाही करने पर जमीन जल्द मिल सकती है।
पप्पू यादव ने कहा कि इस पर विचार किया जाए, ताकि निर्माण कार्य को शुरू करने में विलंब ना हो। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि इस संबंध में उचित कार्यवाही कराएं ताकि पूर्णिया में एयरपोर्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू हो सके। बता दें कि बीते एक महीने में पूर्णिया के नव निर्वाचित सांसद पप्पू यादव लगातार पूर्णिया और कोसी-सीमांचल के मुद्दे पर मुखर रहे हैं। सदन से सड़क तक उन्होंने जनता के मुद्दे उठाए।

इससे पहले शपथ ग्रहण करने के बाद उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाइवे से जुड़ी योजनाओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। इसके अलावा उन्होंने री नीट, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा, कोसी सीमांचल के लिए विशेष पैकेज के साथ-साथ गरीबों और आंगनबाड़ी, ममता, आशा, रसोइया के सवाल को सदन के पटल पर उठाए।
