ऐप पर पढ़ें
भागलपुर के सुल्तानगंज से कटिहार के कुरसेला के लिए चली बारात 12 घंटे में 70 किलोमीटर का सफर तय करके जब अगली सुबह 6 बजे पहुंची तो दुल्हन ने शादी से मना कर दिया। लड़की वालों ने बारातियों को बंधक बना लिया और पंचायती के बाद शादी खर्च के एवज में 4.50 लाख रुपए हर्जाना वसूलकर छोड़ा। दूल्हे ने रास्ते में दोस्तों के साथ बहुत ज्यादा शराब पी ली थी। नशे में बदहवास दूल्हे को शादी के लायक हालत में वापस लाने के लिए परिजनों ने बीच रास्ते नवगछिया में एक डॉक्टर के पास रात भर में ही इलाज करवाया लेकिन सुबह भी जब वो कुरसेला पहुंचा तो नशे में धुत था। लड़का भागलपुर में लोगों के आयकर, जीएसटी से जुड़े काम करवाता है।
कुरसेला प्रखंड के विवाह भवन में इसको लेकर पूरे दिन हाई वोल्टेज ड्रामा चला। लड़की पक्ष ने नशे में दूल्हे के साथ आए बाराती और परिजनों को बंधक बना लिया। शादी की तैयारियों पर खर्च राशि वापस करने के बाद लड़का और परिजनों को छोड़ा गया। लड़की पक्ष ने बताया कि सुल्तानगंज से रविवार को बारात चली थी। रात 11 बजे तक दूल्हा पक्ष जाम में फंसे होने और जल्दी आने की बात करता रहा। लेकिन दो बजे रात में पता चला कि नवगछिया के अस्पताल में दूल्हे की नशे की हालत का इलाज करवाया जा रहा है। सोमवार की सुबह छह बजे बारात पहुंची लेकिन दूल्हा तब भी नशे में था।
बिहार: शराबी दूल्हे को पति बनाने से किया इनकार, बारातियों की हुई पिटाई
लड़की बीए ऑनर्स के बाद बीएड कर रही है। नशेड़ी दूल्हे को देखकर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। शादी की सारी तैयारी धरी की धरी रह गई। देखते ही देखते नशेड़ी दूल्हे की बात फैली और लोगों की भीड़ जमा हो गई। लड़के ने जो शेरवानी पहन रखी थी उससे लड़की पक्ष के लोगों ने प्रतिबंधित कफ सिरप, नशे की गोली, चाकू, फाइटर इत्यादि बरामद होने की बात बताई है।
लड़की ने शराबी दूल्हे से शादी से किया इंकार
दूल्हे की हालत रास्ते में ही बिगड़ने के बाद काफी बाराती नवगछिया से ही लौट गए थे। जो आए बंधक बना लिए गए। पूरे दिन इसको लेकर इलाके में सरगर्मी रही लेकिन घटना कि खबर कुरसेला पुलिस को नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने शादी खर्च वापस दिलवाकर मामले का निपटारा कर दिया।
