IMD Heatwave Conditions in Delhi Punjab Bihar Jharkhand Uttar Pradesh Rajasthan top 10 cities where temperature breaking records – Weather today in Hindi – Aaj ka mausam, mausam ki jankari, Temp today in Hindi – आसमां से बरस रही आग, भट्टी बना हिन्दुस्तान, देखें

IMD Heatwave Conditions in Delhi Punjab Bihar Jharkhand Uttar Pradesh Rajasthan top 10 cities where temperature breaking records – Weather today in Hindi – Aaj ka mausam, mausam ki jankari, Temp today in Hindi – आसमां से बरस रही आग, भट्टी बना हिन्दुस्तान, देखें


ऐप पर पढ़ें

IMD Heatwave Conditions Latest Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को आसमान सामान्यत: साफ रहने और लू के साथ भीषण गर्मी पड़ने तथा तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 61% दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है लेकिन यह 50 डिग्री सेल्सियस जैसी चुभन दे रहा है।

कहां कितना तापमान, कैसे झुलस रहा हिन्दुस्तान

दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा,राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत देश के कई हिस्सों में तापमान रिकॉर्ड बना रहा है।  कहीं तापमान 44 के पार तो कहीं 47 के पार दर्ज किया गया है। IMD के ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि 17 जून को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 8.7 डिग्री ज्यादा है। टॉप 10 शहरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर बिहार का डेहरी ऑन सोन रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 8.5 डिग्री ज्यादा है।

 

दिल्ली के आयानगर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 8.0 डिग्री ज्यादा है। हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा है। राजस्थान के गंगानगर में 17 जून को अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा झारखंड के डाल्टेनगंज में सोमवार को अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 9.1 डिग्री ज्यादा है।

पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 7.6 डिग्री ज्यादा है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी सामान्य से 5.1 डिग्री ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहां सोमवार को अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री दर्ज किया गया। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के ऊना में भी अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 6.7 डिग्री ज्यादा है। जम्मू कश्मीर के जम्मू में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि उत्तराखंड के देहरादून में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 9.5 डिग्री ज्यादा है।

IMD ने दिल्ली के अलावा पश्चिमी यूपी, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। हालांकि, IMD के सात दिनों के पूर्वानुमान में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी को बुधवार से हल्की राहत मिल सकती है। बुधवार और गुरुवार को दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किए जाने के आसार हैं, जबकि शुक्रवार और शनिवार को ‘ग्रीन अलर्ट’ जारी किया जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ेगा जिसके असर से राष्ट्रीय राजधानी को भी राहत मिलेगी।

आईएमडी मौसम की चेतावनी के लिए चार रंग कोड का इस्तेमाल करता है। ये रंग और इनका अर्थ क्रमश: ग्रीन (कोई कदम उठाने की जरूरत नहीं), येलो (निगरानी रखें और समय-समय जानकारी लेते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (उचित कदम उठाएं) हैं।

लू चलने की स्थिति वह होती है जब मौसम केंद्र का अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय इलाकों में 37 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री तक पहुंच जाता है और तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होता है। अगर तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाए तो भीषण लू की स्थिति घोषित कर दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *