IMD announces Bihar Monsoon 2024 arrival date know when it will rain heavily

IMD announces Bihar Monsoon 2024 arrival date know when it will rain heavily


ऐप पर पढ़ें

Bihar Monsoon 2024: हीटवेव और उमस भरी गर्मी झेल रहे बिहार वासियों के लिए राहत भरी खबर है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार में मॉनसून के प्रवेश करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 जून को मॉनसून उत्तर-पूर्वी भाग से बिहार में प्रवेश करेगा। इसके एक दिन पहले यानी 19 जून की शाम से बादल छाने लगेंगे। वहीं, 20 जून से बिहार के अधिकतर हिस्सों में गरज, चमक व तेज हवा के साथ हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होगी। बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल दो-तीन दिनों तक दक्षिण बिहार के लोगों को भीषण गर्मी का कहर झेलना होगा। हालांकि, उत्तर बिहार में गर्मी से आंशिक तौर पर राहत मिलेगी। 

मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों और बिहार के उत्तर-पूर्व हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। पहले बिहार में मॉनसून के आगमन की तारीख 17 या 18 जून बताई जा रही थी, लेकिन अब यह आगे खिसक गई है।

पछुआ का जोर थमा पुरवा प्रसार रहा पांव

प्रदेश में मॉनसून के प्रसार की अनुकूल परिस्थितियां तेजी से तैयार हो रही हैं। बिहार की कुछ जगहों पर पछुआ का प्रसार कम हुआ है और पुरवा हवाएं तेज हुई हैं। इसी वजह से लोग पसीने वाली गर्मी से दो-चार हो रहे हैं। शाम में चलने वाली तेज हवाओं में शीतलता है। यह मौसम मॉनसून के आगमन का संकेत है। सूबे में मॉनसून का प्रवेश किशनगंज और पूर्णिया के रास्ते होता है। यहां पिछले दो दिनों से मध्यम स्तर की बारिश हो रही है।

बिहार में 4 साल बाद देरी से आएगा मॉनसून

बिहार में 2020 से 2023 के बाद मॉनसून देरी से आएगा। इन चार वर्षों के दौरान मॉनसून तीन बार 13 और एक दफे 12 जून को सूबे में प्रवेश कर गया था। वहीं 2019 में 21 जून को बिहार में मॉनसून ने दस्तक दी थी। मौसम विभाग के अनुसार इस साल मॉनसून 20 जून को बिहार पहुंचेगा। भले ही यह देरी से आ रहा है पर ला-नीना के प्रभाव से राज्य में बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना है। अल-नीनो का प्रभाव होने के कारण 2022 और 2023 में मॉनसून के दौरान सामान्य से कम बारिश हुई। वहीं 2021 में सामान्य से 27.3 मिलीमीटर अधिक बारिश हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *