ऐप पर पढ़ें
Bihar Lok Sabha Elections 2024: बिहार की काराकाट लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी का काम बुधवार को पूरा हो गया। कुल 27 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे। जानकारी के अनुसार 13 प्रत्याशियों के नामांकन अलग अलग कारणों से रद्द कर दिए गए। वहीं 14 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र मंजूर किए गए हैं। जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सीपीआई व इंडिया गठबंधन के राजाराम सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा व एनडीए प्रत्याशी उपेन्द्र कुशवाहा, पवन कुमार सिंह, प्रतिमा देवी समेत कुल 14 उम्मीदवारों के के आवेदनों को स्वीकृत किया गया। नाम वापसी की तिथि 17 मई है। अब देखना यह है कि निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरे पवन सिंह और उनकी मां प्रतिमा देवी में से कौन नामांकन पर्चा वापस लेता है।
पवन सिंह की ओर से इस संबंध में साफ कह दिया गया है कि अब पीछे हटने का सवाल ही नहीं है। भोजपुरी एक्टर कहा है कि नामांकन वापस नहीं लूंगा, आगे बढ़ गए हैं तो बढ़ गए हैं। दरअसल, बिहार सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता प्रेम कुमार ने दो दिन पहले कहा था कि यदि पवन सिंह अपना नामांकन वापस नहीं लेते हैं तो पार्टी उनके खिलाफ सख्त एक्शन ले सकती है। पवन सिंह ने कहा कि मैं कलाकार हूं, क्रिमिनल नहीं हूं कि मुझ पर भाजपा कार्रवाई करेगी।
काराकाट में पब्लिक का दिल जीतने में जुटे पवन सिंह, भोजपुरी एक्टर ने बांटा अपना मोबाइल नंबर
पवन सिंह ने जब उनकी मां के द्वारा नामांकन किए जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वजह क्या है यह हम ही आपको बताएं? आप लोग नहीं सोच सकते हैं? हर इंसान अपने जीवन में कुछ सोच समझकर चलना चाहता है, चाहे वह हम हो या आप। मां का नामांकन बस एक रणनीति का हिस्सा है। काराकाट संसदीय क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगे और हर हाल में जीतेंगे, क्योंकि काराकाट के लोगों ने अपने बेटे पवन को जीताने का मन बना लिया है। दरअसल, काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पवन सिंह के चुनावी मैदान में उतरने के बाद मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। एनडीए से उपेन्द्र कुशवाह और विपक्षी महाठबंधन से राजाराम सिंह प्रमुख उम्मीदवार हैं। इस सीट पर अंतिम और सातवें चरण के तहत एक जून को मतदान होगा।
