Chirag Paswan meets Nitish Kumar over Bihar bridge collapse incidents also talks on jobs

Chirag Paswan meets Nitish Kumar over Bihar bridge collapse incidents also talks on jobs


ऐप पर पढ़ें

बिहार में लगातार गिर रहे पुलों के बीच राजनीतिक पारा गर्माया हुआ है। केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास के प्रमुख चिराग पासवान ने रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। उन्होंने सीएम से मिलकर लगातार हो रहे पुल हादसों को लेकर चिंता जताई। साथ ही सरकारी नौकरी की बहाली को लेकर भी उन्होंने चर्चा की। बता दें कि नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री बनने के बाद चिराग की सीएम नीतीश से यह पहली मुलाकात है।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सीएम से मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर भेंटकर उनका आशीर्वाद लिया। इन दिनों बिहार में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, इसको लेकर सीएम के सामने उन्होंने अपनी चिंता व्यक्त की। 

इसके साथ ही चिराग पासवान ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार के द्वारा 2014 में बपिहार चौकीदार संवर्ग नियमावली बनाई थी। इसमें दफादार अथवा चौकीदारों के आश्रितों की बहाली का प्रावधान किया गया था। इस नियमावली के तहत साल 2023 तक आश्रितों की बहाली होती रही है। पहले से रिटार्यड और रिटायर होने वाले चौकीदारों के आश्रितों की बहाली एवं स्वेच्छिक सेवानिवृत के शेष आश्रितों की नियुक्ति पत्र अभी तक जारी नहीं किए गए। जबकि एक-दो जिलों में सरकार ने नई बहाली की प्रकिया शुरू कर दी है, जो चिंताजनक विषय है। 

बिहार में एक और पुल गिरा, पूर्वी चंपारण में 4 साल पुराना पुलिया ध्वस्त

चिराग ने सीएम नीतीश से कहा कि उनकी पार्टी लोजपा रामविलास की मांग है कि इस प्रक्रिया को पूर्व की तरह फिर से बहाल कर दिया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इन सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों द्वारा जल्द से जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया है। 

बता दें कि बिहार में बीते 20 दिनों के भीतर बारिश की वजह से विभिन्न जिलों में 13 पुल ध्वस्त हो चुके हैं। यह मुद्दा बिहार ही नहीं बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। विपक्ष नीतीश और मोदी सरकार पर हमलावर है। वहीं, अब एनडीए के सहयोगी दल भी सीएम नीतीश पर कार्रवाई का दबाव बनाने लगे हैं। हालांकि, पिछले दिनों जल संसाधन और ग्रामीण कार्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए पुल गिरने के दोषी 17 इंजीनियरों को सस्पेंड कर दिया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *