ऐप पर पढ़ें
लोकसभा चुनाव 2024 के बीच बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुर्के की आड़ में वोट जिहाद के आरोप लगाए हैं। पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने शुक्रवार को पटना स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में बुर्के की आड़ में फर्जी मतदान हो रहे हैं। गलत (फर्जी) मतदाता पहचान पत्र लेकर बुर्का पहनी महिलाएं बूथ में पहुंच रही हैं और वोट देकर आसानी से निकल जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इनका मकसद सिर्फ भाजपा को हराना है।
भाजपा नेता जीवेश मिश्रा ने कहा कि मधुबनी लोकसभा क्षेत्र के जाले विधानसभा में कई मतदान केंद्रों में ऐसा हुआ। गांव में फिलहाल जितने लोग नहीं हैं, उससे ज्यादा वहां के बूथों में वोट डाले गए। पांचवें चरण में लड़के बुर्का पहनकर वोट कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जब शिकायत की गई तब जाले विधानसभा के बूथ संख्या 85 से एक लड़का और तीन लड़की पकड़ी गई। शिकायत मिलने पर जब मतदान केंद्रों पर पहुंचे तो उन्हें घेर लिया गया। पुलिस बल ने उन्हें किसी तरह बाहर निकाला।
उन्होंने मांग की है कि अब जो भी चुनाव हो तो बुर्के वाली महिलाओं की महिला कॉन्स्टेबल से जांच कराई जाए। प्रेस वार्ता में मीडिया संयोजक दानिश इकबाल, प्रवक्ता नीरज कुमार, राकेश पोद्दार और सुमित शशांक उपस्थित रहे।

बता दें कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी बुर्के की आड़ में फर्जी मतदान के आरोप लगा चुके हैं। बेगूसराय में वोटिंग से पहले गिरिराज ने कहा था कि पोलिंग कर्मियों को मतदाता की पहचान की पुष्टि करने का पूरा अधिकार है। ऐसे में मतदान केंद्रों पर बुर्का पहने महिलाओं के चेहरे की पहचान करने के बाद ही उन्हें वोट डालने देना चाहिए। ताकि फर्जी मतदान को रोका जा सके।
