ऐप पर पढ़ें
Bihar Weather Update: बिहार में प्रचंड गर्मी कहर बरपा रही है। पिछले कई दिनों से राजधानी पटना सहित दक्षिण और उत्तर बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी के साथ हीट वेव से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बिहार में तापमान एक बार फिर 46 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है पटना मौसम विभाग के अनुसार अगले दो तीन दिनों तक बिहार में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 13 जून से प्री मानसून के प्रभाव में बारिश हुई तो राहत मिल सकती है। इस बीच राज्य के कई जिलों से स्कूलों में भीषण गर्मी के कारण छात्रों और शिक्षकों के बीमार होने की खबर आई है।
जहानाबाद जिले में भीषण गर्मी और गर्म पछुआ हवा से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। लोग बेहोश होकर गिर रहे हैं। सदर प्रखंड के गोनवा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद अजहर हुसैन और सहायक शिक्षक राम प्रताप सिंह भीषण गर्मी के कारण बीमार हो गए। दोनों बारी बारी से बेहोश होकर गिर गए और उन्हें अस्पताल में ले जाना पड़ा। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दोनों का इलाज चल रहा है। जिले का तापमान 44 डिग्री पहुंच गया है। गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। 10:00 बजे के बाद ही बाजार और सड़कें सुनी हो जा रही है।
उधर बांका में तापमान 42 डिग्री के पार हो गया। उमस भरी गर्मी के कारण परेशानी काफी बढ़ गई है। जिले में पारा में उतार चढ़ाव जारी है। सोमवार को जिलेभर का तापमान 42 डिग्री के करीब रहा। बीते तीन दिनों में दो डिग्री का उतार चढ़ाव देखा गया। भीषण गर्मी के बीच प्री मानसून ने दस्तक नही दिया है। तापमान के साथ-साथ उमस लोगों को खूब सता रही है। लगातार चार-पांच दिनों से गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। दोपहर ही नहीं रात को भी तेज गर्मी और उमस का एहसास लोगों को हो रहा है। गर्मी और उमस के कारण दोपहर में वाहनों की संख्या कम हो गयी है। बाजारों में भी दिन में सन्नाटे का नजारा है।
