Bihar Lok Sabha Elections 2024 First phase of voting in Bihar tomorrow amid heatwave advisory issued for voters

Bihar Lok Sabha Elections 2024 First phase of voting in Bihar tomorrow amid heatwave advisory issued for voters


ऐप पर पढ़ें

Bihar Lok Sabha Elections 2024: बिहार में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में शुक्रवार को गया, औरंगाबाद, जमुई और नवादा में मतदान होगा। इन चार जिलों के साथ ही राज्यभर में लू जैसे हालात रहने के आसार हैं। राडार और उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार चारों लोकसभा क्षेत्र का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म पछुआ भी चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने मतदाताओं से छाते का इस्तेमाल करने और सूती कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकलने की अपील की है। साथ ही खीरा, ककड़ी, तरबूज आदि का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है।   

सुबह में मिलेगी राहत, दिन चढ़ते ही पछुआ करेगा परेशान

जानकारी के अनुसार चारों लोकसभा क्षेत्र के सामान्य मतदान केंद्र पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं नक्सल प्रभावित मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 4 बजे तक ही मतदान होगा। सुबह के समय लोगों को गर्मी लगेगी। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता जाएगा, वैसे-वैसे गर्मी लोगों के लिए मुसीबत बनती जाएगी। इसी कारण मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में सुबह के समय ही मतदान करने का मौसम विभाग में सलाह दी है। ताकि गर्मी से मतदाताओं को राहत मिल सके।

2019 में चुनाव वाले दिन भी ऐसे ही थे हालात 

मौसम विभाग के अनुसार 2019 में गया, औरंगाबाद, नवादा और जमुई में जिस तरह का मौसम था। उसी तरह का मौसम 2024 में भी रहने के आसार हैं। इन चारों लोकसभा क्षेत्र में 11 अप्रैल, 2019 को मतदान हुआ था। इस दिन गया का अधिकतम तापमान 43.3 (गया से सटे होने के कारण नवादा के तापमान का इसी से अनुमान लगाया जा सकता है), भागलपुर का 40.6 (भागलपुर से सटे होने के कारण जमुई के तापमान का इसी से अनुमान लगाया जा सकता है) और डेहरी का 43.2 (डेहरी से सटे होने के कारण औरंगाबाद के तापमान का अनुमान है) डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने बताया कि 2019 के लोकसभा चुनाव में इन चारों क्षेत्रों का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा था। 

2019 में मतदान प्रतिशत

औरंगाबाद- 55.5

गया- 58.1

नवादा- 51.7

 जमुई- 57.8

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *