ऐप पर पढ़ें
ABP News C Voter Exit Poll: लोकसभा चुनाव के परिणाम मंगलवार को आएंगे। उससे पहले एग्जिट पोल के आंकड़े आ चुके हैं। इसमें विभिन्न दलों को को मिलने वाली सीटों का अनुमान जाहिर किया गया है। इसके साथ ही साथ विभिन्न जातियों के वोटों के आंकड़े भी सामने आए हैं। एबीपी सी वोटर ने यह आंकड़ा जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि किस जाति के वोटरों को किस पार्टी या गठबंधन पर ज्यादा भरोसा है। गौरतलब है कि एबीपी सी वोटर के एग्जिट पोल में बिहार में एनडीए को आगे बताया गया है। इसके मुताबिक बिहार में इंडिया गठबंधन को 40 में से तीन से पांच सीटें मिल रही हैं। वहीं, एनडीए को 34 से 38 सीटें मिलने का दावा किया गया है।
एबीपी सी वोटर ने एग्जिट पोल में बिहार की सीटों पर जाति के अनुसार आंकड़ा जारी किया है। इस अनुमानित आंकड़े के मुताबिक 62 फीसदी यादवों ने इंडिया गठबंधन को वोट किया है। वहीं, 31 फीसदी ने एनडीए और 7 फीसदी ने अन्य को। कुशवाहा बिरादरी के वोट 69 परसेंट एनडीए, 25 फीसदी इंडिया और छह फीसदी अन्य को मिलने का अनुमान है। इसी तरह पासवान में 50 फीसदी ने एनडीए, 38 फीसदी इंडिया और 12 फीसदी ने अन्य को वोट डाला है। राजपूत वोटरों में 65 फीसदी एनडीए, 27 फीसदी इंडिया और आठ फीसदी अन्य को मिलने का अनुमान है। 55 फीसदी भूमिहारों ने एनडीए, 37 फीसदी ने इंडिया और 8 फीसदी के अन्य को वोट देने का अनुमान जताया गया है। ब्राह्मण वोटरों की बात करें तो एनडीए को 64 फीसदी, इंडिया को 31 फीसदी, और अन्य दलों को 5 फीसदी वोट पड़ने का अनुमान है।
इस तरह देखा जाए तो एनडीए को यादव जाति के वोट कम पड़े हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन ने इस मामले में बाजी मार ली है। इसी तरह एनडीए कुशवाहा, पासवान, राजपूत, भूमिहार और ब्राह्मणों के वोट हासिल करने आगे रहा। यहां पर इंडिया गठबंधन को फायदा नहीं मिला है। गौरतलब है कि बिहार में भाजपा को अपर कास्ट के साथ-साथ एससी और ओबीसी का सपोर्ट भी मिलता है। हालांकि एबीपी-सी वोटर सर्वे में इस बार यादव वोट एनडीए के पक्ष में जाता दिखाई नहीं दे रहा है।
