लखीसराय में किऊल नदी पर बने तेतरहट पुल के पिलर की सुरक्षा दीवार पांच फीट नीचे खिसक गई है। जिससे स्थानीय लोगों में दहशत है। पुल पर ढहने का खतरा मंडरा रहा है। 39 करोड़ की लागत से 2014 में पुल का निर्माण हुआ था।
लखीसराय में किऊल नदी पर बने मलिया तेतरहट पुल के पिलर की सुरक्षा दीवार नीचे खिसक गयी है। पहले पुल के पिलर की सुरक्षा दीवार लगभग एक फीट खिसक थी। लेकिन ध्यान नहीं दिए जाने के कारण हाल के दिनों में किऊल नदी में पानी के दबाब के कारण यह लगभग पांच फीट नीचे खिसक गयी है। बता दें कि 2011 में किऊल नदी पर मलिया तेतरहट के बीच पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। 39 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण पूरा हुआ और 2014 में उद्घाटन के बाद पुल को चालू कर दिया गया।
नवंबर 2023 में पुल के पिलर संख्या तीन एवं पांच की सुरक्षा दीवार खिसकने की जानकारी के बाद तत्कालीन डीएम अमरेन्द्र कुमार ने किऊल नदी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। उस समय उन्होंने पथ निर्माण विभाग से आवश्यक कार्य कराने की बात कही थी। पुल के पिलर की सुरक्षा दीवार को बचाने को लेकर कोई कार्य नहीं हुआ और हाल के दिनों में बारिश एवं नदी में पानी का दबाव बढ़ने के बाद पुल के पिलर की सुरक्षा दीवार लगभग पांच फीट नीचे खिसक गयी है।
पुल के पिलर की सुरक्षा दीवार नीचे खिसकने की जानकारी के बाद स्थानीय लोगों में भय है क्योंकि उक्त पुल से चानन प्रखंड की एक लाख की आबादी का जिला मुख्यालय से सीधा जुड़ाव है। इस संबंध में डीएम मिथिलेश मिश्र ने कहा कि पुल के पिलर की सुरक्षा दीवार के नीचे खिसकने की जानकारी नही थी। तस्वीर देखा हूं, जल्द ही विभागीय अधिकारियों को भेजकर उचित कार्य कराया जाएगा। वहीं मुंगेर में सोमवार को गंडक नदी पर बना बिचली पुल तेज बहाव में बह गया। जिसके चलते दो पंचायतों की आबादी की आवागमन एकदम ठप हो गया है।
