बिहार में सदस्यता अभियान को गति देने के लिए मंगलवार को भाजपा विधानमंडल दल की बैठक हुई। प्रदेश कार्यालय में हुई इस बैठक में पार्टी के सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षद शामिल हुए। सभी को सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी विधायकों से कहा गया कि 2020 विधानसभा चुनाव में उन्होंने जितने वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी, उससे अधिक संख्या में भाजपा सदस्य बनाने का काम करें।
इसी तरह, सांसदों को हर विधानसभा क्षेत्र से एक-एक लाख सहित कुल छह लाख सदस्य बनाने का टास्क सौंपा गया। विधान पार्षदों को अपने क्षेत्र के कम से कम 25 फीसदी मतदाताओं को सदस्य बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गयी। सदस्यता अभियान का पहला चरण 2 से 25 सितंबर तक चलेगा। इसको लेकर 11 से 17 सितंबर तक बिहार के सभी केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, राज्यसभा एवं लोकसभा सांसद, विधायक, विधान पार्षद को अपने-अपने क्षेत्रों मे प्रवास करने का निर्देश दिया गया।
इससे पहले आज भाजपा का बिहार में सदस्यता अभियान शुरू हुआ। पार्टी कार्यालय में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खुद मिस्ड कॉल कर पार्टी के सदस्य बने और इस अभियान की शुरुआत की। प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों उपमुख्यमंत्री को सदस्य बनाया।

इस मौके पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि सदस्यता अभियान राष्ट्रवाद को दर्शाता है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी का सदस्य बनाएंगे। एक भी घर नहीं छोड़ना है। इस अभियान को महापर्व के रूप में मना रहे हैं । वहीं संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने कहा कि 2014 में 11 करोड़ सदस्य बने, 2018 में 7 करोड़ और सदस्य बने। 18 करोड़ के साथ दुनिया में सबसे अधिक सदस्य वाली बीजेपी पार्टी बनी।अब नये सिरे से सदस्य बनेंगे।
