यूपी की दो डांसरों से बिहार में गैंगरेप, बर्थडे पार्टी के बाद 6 हैवानों पर जबरन शराब पिलाने का भी आरोप

यूपी की दो डांसरों से बिहार में गैंगरेप, बर्थडे पार्टी के बाद 6 हैवानों पर जबरन शराब पिलाने का भी आरोप


बिहार में दो नाबालिग आर्केस्ट्रा डांसरों के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों नाबालिग लड़कियां उत्तर प्रदेश से यहां एक कार्यक्रम में डांस करने के लिए आई थीं। बताया जा रहा है कि करीब 6 लोगों ने इन दोनों लड़कियों को अपनी हवस का शिकार बनाया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यूपी की रहने वाली इन दोनों लड़कियों को बक्सर के एक सामुदायिक भवन में डांस करने के लिए बुलाया गया था। पुलिस ने बताया कि बक्सर के डुमरांव थाना इलाके में दोनों नाबालिगों के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है।

दोनों लड़कियों का कहना है कि आरोपियों ने शोषण किया। सभी ने उन्हें जबरन शराब पिलाई और फिर बर्थडे की पार्टी के बाद उनके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। शिकायत के मुताबिक, एक DJ के मालिक ने दोनों लड़कियों को खिरौली गांव में एक सरकारी स्कूल के नजदीक डांस परफॉर्मेंस के लिए बुलाया था। कार्यक्रम के बाद दोनों स्कूल के ही कमरे में सो रही थीं। सुबह करीब ढाई बजे छह लोग दोनों लड़कियों को जबरन उठा कर ले गए और फिर उनके साथ गैंगरेप जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

दोनों लड़कियों ने अपने परिवार के सदस्यों को इस बात की जानकारी दी। इसके बाद उनके पिता उत्तर प्रदेश से बिहार आए और फिर इसके बाद महिला थाने में FIR दर्ज कराई गई। इस मामले में पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि पीड़ितों का चिकित्सीय परीक्षण भी किया जा रहा है। DSP अफाक अख्तर अंसारी ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो ऐक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है और इस केस की सभी एंगल से जांच हो रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके अलावा अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *