Bihar Land Survey: बिहार के सभी जिलों में सरकार द्वारा जमीन सर्वे यानी भूमि सर्वेक्षण किया जा रहा है। जमीन सर्वे के लिए प्रशासन की ओर से गांव-कस्बों में शिविर लगाए जा रहे हैं। आप वहां जाकर अपनी भूमि का सर्वे करा सकते हैं। इसके लिए कुछ दस्तावेजों की जरूरत होगी। जमीन आपकी है, इस पर आपका वैध कब्जा है, इसके लिए कुछ दस्तावेज आपको सरकार के सामने पेश करने होंगे। आइए जानते हैं कि भूमि सर्वेक्षण के दौरान कौन-से दस्तावेज जरूरी हैं, जिन्हें तैयार रखें।
अगर आपकी जमीन पुश्तैनी है, आपको दादा-परदादा से विरासत में मिली है तो उसकी रसीद होना जरूरी है। अगर पूर्व में आपके परिवार के किसी सदस्य के नाम पर जमीन थी, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं तो उनका मृत्यु प्रमाण पत्र लगाना होगा। खातियान की नकल भी सर्वे के दौरान अनिवार्य है। अगर आपको बंटवारे में यह जमीन मिली है तो उसका प्रमाण पत्र भी जरूरी है। जमीन आपके नाम पर ही है, तो उसकी रजिस्ट्री की कॉपी लगानी होगी। इसके अलावा आवेदक की पहचान के लिए आधार कार्ड और वोटर आईडी भी जरूरी है।
अगर आपकी जमीन पर पूर्व में कोई विवाद रहा है, उस पर अदालत द्वारा आपके हक में फैसला दिया गया हो तो उसकी कॉपी भी सर्वे में दिखानी होगी। अगर जमीन विवाद का कोर्ट में केस चल रहा है तो उसका ब्योरा देना होगा। इसके अलावा आपको एक स्व घोषणा पत्र भी बनाना होगा।

बिहार में जमीन सर्वे की शुरुआत 20 अगस्त को हुई। सर्वे के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए बिहार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की वेबसाइट पर जाना होगा। वहीं, ऑफलाइन सर्वे के लिए हर राजस्व गांवों में शिविर लगाए जा रहे हैं। आप वहां जाकर जमीन सर्वेक्षण में शामिल हो सकते हैं।
