ऐप पर पढ़ें
पूर्व विधायक सह पूर्णिया लोकसभा प्रत्याशी रह चुकी बीमा भारती को लालू यादव की आरजेडी ने रुपौली विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है और सिंबल आवंटित कर दिया है। जानकारी देते हुए बीमा भारती के नजदीकी पीए महावीर मंडल ने बताया कि बुधवार को बीमा नामांकन दाखिल करेंगी। उन्होंने बताया कि बीमा भारती महागठबंधन की प्रत्याशी बन गई हैं। नामांकन के समय महागठबंधन से जुड़े सभी दलों के नेता मौजूद रहेंगे। रुपौली सीट पर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया और राष्ट्रीय जनता दल के दो उम्मीदवार भी टिकट के लिए प्रयासरत थे। लेकिन बीमा भारती को उम्मीदवार बनाए जाने पर सहमति बनी।
आपको बता दें आज ही बीमा भारती ने दावा किया था कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का उन्हें आशीर्वाद मिल गया है। और रूपौली उपचुनाव में उन्हें या फिर उनके पति अवधेश मंडल को ही आरजेडी का सिंबल मिलेगा। बीमा ने आज पटना स्थित राबड़ी आवास में लालू यादव से मुलाकात भी की थी।। वहीं पूर्णिया में मिली हार पर उन्होने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में धरती और आसमान का फर्क होता है। उस समय उन्हें कम समय मिला था। वह दूसरे दल (जेडीयू) से आई थीं और नया सिंबल मिला था। इससे लोग कंफ्यूज हो गए थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में हार-जीत लगी रहती है, राजनीति थोड़ी ना छोड़ देंगे।
यह भी पढ़िए-गोपाल यादुका मर्डर में बीमा भारती के बेटे की तलाश में पूर्णिया से पटना तक छापे, हत्या की सुपारी देने का आरोप
रूपौली से जेडीयू की विधायक रहीं बीमा भारती ने पाला बदल कर आरजेडी का दामन थाम लिया। और फिर आरजेडी के सिंबल पर पूर्णिया से चुनाव लड़ा था। जिसमें निर्दलीय पप्पू यादव से हार का सामना करना पड़ा। जिसके चलते रुपौली सीट खाली हो गई थी। निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की घोषणा की है।
नामांकन की आखिरी तारीख 21 जून है। 24 जून को स्क्रूटनी और 26 जून को नाम वापसी की तिथि है। वहीं, 10 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 13 जुलाई को मतगणना होना है। वहीं एनडीए प्रत्याशी जेडीयू से कलाधर मंडल हैं। जो 2020 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय लड़े थे और चौथे नंबर पर रहे थे।
