ऐप पर पढ़ें
बिहार में लोकसभा चुनाव के बाद पांच सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर महागठबंधन में घमासान छिड़ सकता है। पूर्णिया जिले की रूपौली विधानसभा से उपचुनाव में महागठबंधन (इंडिया अलायंस) में शामिल लेफ्ट पार्टी सीपीआई ने लड़ने का ऐलान कर दिया है। 2020 के विधानसभा चुनाव में भी सीपीआई ने यहां से चुनाव लड़ा था, लेकिन जेडीयू की बीमा भारती जीत गई थीं। बीमा भारती के जेडीयू छोड़कर आरजेडी में आने और लोकसभा इलेक्शन लड़ने से रूपौली सीट खाली हो गई है। आरजेडी यहां से बीमा भारती को वापस चुनाव लड़ाना चाहती है। ऐसे में तेजस्वी यादव की पार्टी की वाम दल से तकरार की स्थिति बन सकती है।
सीपीआई की राज्य परिषद की बैठक में फैसला लिया गया है कि रूपौली विधानसभा में होने वाले उपचुनाव में पार्टी की ओर से प्रत्याशी उतारा जाएगा। हालांकि, टिकट किसे दिया जाएगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। उपचुनाव को लेकर महागठबंधन में सीट बंटवारे से पहले सीपीआई ने रूपौली लड़ने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में आरजेडी से इस मुद्दे पर वामदल की तनातनी हो सकती है।
2020 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में रहकर सीपीआई ने ही रूपौली से चुनाव लड़ा था। सीपीआई ने पिछले चुनाव में इस सीट से विकास चंद्र मंडल को कैंडिडेट बनाया था, मगर वे तीसरे स्थान पर रहे थे। जेडीयू के टिकट पर बीमा भारती ने जीत दर्ज की थी। वहीं, दूसरे नंबर पर लोजपा के कैंडिडेट शंकर सिंह रहे थे। इस बार लोजपा एनडीए के साथ है। उपचुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला होगा।

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले रूपौली से विधायक रहीं बीमा भारती जेडीयू छोड़कर आरजेडी में चली गईं। आरजेडी ने उन्हें पूर्णिया से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया। मगर उन्हें निर्दलीय सांसद पप्पू यादव से करारी हार का सामना करना पड़ा। उनके पार्टी बदलने से रूपौली सीट खाली हो चुकी है, जिसपर जुलाई में उपचुनाव होने हैं।
बीमा भारती को उतारना चाहती है आरजेडी?
तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी बीमा भारती को फिर से रूपौली से उपचुनाव लड़ाकर विधायक बनाना चाहती है। तेजस्वी के कहने पर ही बीमा ने नीतीश का साथ छोड़ा था। हालांकि, पूर्णिया में पप्पू यादव के निर्दलीय उतरने से उनका गेम बिगड़ गया और हार का सामना करना पड़ा। अब अति पिछड़ों को साधने के लिए तेजस्वी यादव रूपौली से बीमा भारती को उपचुनाव लड़वाना चाहेंगे। हालांकि, सीपीआई ने इस सीट से पहले ही चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है, जबकि आरजेडी में इस सीट को लेकर अभी मंथन नहीं हुआ है।
