ऐप पर पढ़ें
लोकसभा चुनाव 2024 में बिहार की सारण हॉट सीट बनी हुई है। यहां से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला बीजेपी के मौजूदा सांसद राजीव प्रताप रूडी से है। खास बात यह है कि लालू के समधी एवं उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के ससुर चंद्रिका राय ने आरजेडी की टेंशन बढ़ाई हुई है। चंद्रिका इस बार राजीव प्रताप रूडी के समर्थन में हैं और उनके लिए जमकर प्रचार भी किया। चंद्रिका राय 2019 में आरजेडी के टिकट पर ही सारण से चुनाव लड़े थे और रूडी ने उन्हें हराया था।
चंद्रिका राय, तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय के पिता हैं। तेज प्रताप और ऐश्वर्या के बीच तलाक का मामला चल रहा है। ऐश्वर्या ने लालू परिवार पर उन्हें प्रताड़ित कर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया था। इसके बाद से चंद्रिका राय और लालू परिवार के बीच संबंध बिगड़ गए। 2020 में विधानसभा चुनाव से पहले चंद्रिका आरजेडी छोड़ जेडीयू में चले गए। हालांकि, पिछले बिहार चुनाव में उन्हें परसा विधानसभा सीट से आरजेडी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
माना जा रहा है कि अब अपनी बेटी के अपमान का बदला लेने के लिए चंद्रिका ने सारण लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी के समर्थन में जोरशोर से प्रचार किया। चंद्रिका राय ने अपने क्षेत्र में एनडीए को मजबूत करने के लिए लगातार बैठकें और दौरे किए। उन्होंने दावा किया कि सारण लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी विधानसभा सीटों से एनडीए को बहुमत से लीड मिलेगी।

दूसरी ओर, सारण लोकसभा सीट पर रोहिणी आचार्य के लिए लालू परिवार ने अपना पूरा जोर लगाया। लालू और राबड़ी से लेकर तेजस्वी और तेज प्रताप यादव ने रोहिणी के लिए जोर-शोर से प्रचार किया। सारण में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है। इसके लिए चुनाव प्रचार का शोर शनिवार को थम गया। सारण में रोहिणी यादव और राजीव प्रताप रूडी में से किसका सिक्का चलेगा, यह 4 जून को चुनाव रिजल्ट के बाद साफ हो जाएगा।
