ऐप पर पढ़ें
लोकसभा चुनाव 2024 में अब जाति गणना के क्रेडिट को लेकर सियासत गर्मा गई है। जेडीयू नेता एवं बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आज राहुल गांधी पूरे देश में जाति गणना की बात करते हैं, लेकिन बिहार को इसे पूरा करने का श्रेय नहीं दे रहे हैं। यह गलत है। इंडिया गठबंधन के शुरुआती दौर में ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे प्रमुख मुद्दा बनाने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन इस प्रस्ताव को राहुल गांधी ने ही ममता बनर्जी से खारिज करा दिया था। बता दें कि इससे पहले बिहार में रोजगार देने को लेकर आरजेडी और जेडीयू के बीच श्रेय लेने को लेकर सियासी घमासान मचा था।
मंत्री विजय चौधरी ने गुरुवार को पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान ये बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में सफलतापूर्वक जाति आधारित गणना के आधार पर अनुसूचति जाति, पिछड़ा और अतिपिछड़ा वर्ग के आरक्षण का दायरा बढ़ाया गया। गरीब परिवारों को आर्थिक उन्नति के लिए योजना लागू की गई। आज राहुल गांधी कह रहे हैं कि जाति गणना कराना उनकी जिंदगी का मिशन है। लेकिन यह राहुल और कांग्रेस पार्टी का पाखंड है।

उन्होंने कहा कि राहुल में ईमानदारी और हिम्मत होती तो पहले इसकी मिसाल पेश करते और देश को रास्ता दिखाने वाले नीतीश कुमार के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी घोषणा पत्र के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आरजेडी नेता तेजस्वी यादव बोल रहे हैं एक करोड़ नौकरी दे देंगे। वे कहां से दे देंगे। फ्री बिजली की बात कर रहे हैं, जबकि हकीकत है कि जहां मुफ्त बिजली दी गई है, वहां की स्थिति ठीक नहीं है।
