ऐप पर पढ़ें
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को वीडियो संदेश जारी कर दूसरे चरण की पांच लोकसभा सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में वोट देने की अपील की। लालू ने पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर और बांका के लोगों से महागठबंधन के समर्थन में वोट मांगे। इनमें से तीन सीटों पर कांग्रेस तो दो पर आरजेडी चुनाव लड़ रही है। आरजेडी ने दूसरे चरण की वोटिंग से ठीक पहले लालू यादव के मतदान अपील वाले वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं। बता दें कि इस चुनाव में स्वास्थ्य कारणों से लालू प्रसाद यादव चुनावी रैलियों से दूरी बनाए हुए हैं।
आरजेडी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लालू यादव के पांच अलग-अलग वीडियो गुरुवार को शेयर किए गए। इसमें वे कहते हुए नजर आ रहे हैं कि लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने के लिए हाथ और लालटेन छाप पर बटन दबाकर आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी अंतर से विजयी बनाने की अपील की। लालू ने पूर्णिया से आरजेडी प्रत्याशी बीमा भारती, किशनगंज से कांग्रेस कैंडिडेट मोहम्मद जावेद, कटिहार से कांग्रेस उम्मीदवार तारिक अनवर, बांका से आरजेडी के जय प्रकाश नारायण यादव और भागलपुर से कांग्रेस के अजीत शर्मा के पक्ष में वोट मांगे।

बता दें कि लालू प्रसाद यादव ने इस लोकसभा चुनाव में सार्वजनिक मंचों से दूरी बनाई हुई है। लालू की जगह उनके बेटे एवं बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। तेजस्वी एक दिन में तीन-चार रैलियां करके आरजेडी और महागठबंधन के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में बिहार की पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका लोकसभा सीट पर शुक्रवार को वोटिंग होगी। तेजस्वी यादव ने एक दिन पहले दावा किया था कि पहले चरण की तरह दूसरे फेज में भी इंडिया गठबंधन पांचों सीटें भारी बहुमत से जीत दर्ज करने वाला है।
