Bihar Top News 3rd October 2024: सरकारी अस्पतालों में मरीजों को निशुल्क दवा वितरण में पूरे देश में बिहार प्रथम स्थान पर है। मरीजों को आवश्यक दवा वितरण, आपूर्ति और उपयोग में 77.22 फीसदी अंक के साथ बिहार पूरे देश में अव्वल रहा।
Bihar Top News 3rd October 2024: पूरे देश में आज से शारदीय नवरात्र की शुरूआत हो चुकी है। भक्त मां दुर्गा की भक्ति में डूब गए हैं। कलश स्थापना का मुहूर्त सुबह 6.15 मिनट से 7.22 बजे तक रहेगा। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11.46 बजे से दोपहर 12.33 मिनट तक रहेगा। वैसे दोपहर 3.17 बजे तक कलश की स्थापना की जा सकेगी। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को निशुल्क दवा वितरण में पूरे देश में बिहार प्रथम स्थान पर है। मरीजों को आवश्यक दवा वितरण, आपूर्ति और उपयोग में 77.22 फीसदी अंक के साथ बिहार पूरे देश में अव्वल रहा। राज्य में 381 निजी शैक्षणिक संस्थानों में स्टूडेंट क्रेडिट कार्य योजना के भरोसे आवेदन करने वाले विद्यार्थियों का नामांकन अधर में है। नैक से मान्यता नहीं रहने के कारण शैक्षणिक सत्र 2024-25 से ऐसे संस्थानों का स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का लाभ पर रोक है। पटना में डेंगू के 72 नए मरीज मिले हैं। बिहार के कुल 17 जिले बाढ़ प्रभावित हैं और बाढ़ की इस त्रासदी में राज्य के किसानों को मछली और मखाना के फसल पर कुल 350 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
Dengue In Bihar: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को डेंगू के 72 नए मरीज मिले। इसमें पाटलिपुत्र में 14, कंकड़बाग में 14, एनसीसी अंचल में 13, अजीमाबाद में सात, पटना सिटी में एक पीड़ित मिले हैं। अन्य चार का पता नहीं चल पाया है। संपतचक में तीन, बख्तियारपुर में दो, दानापुर, दुल्हिनबाजार और पटना सदर में एक-एक मरीज मिले हैं। जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या 1675 हो गई है। चिकनगुनिया के तीन नए मामले बुधवार को सामने आए हैं। जिले में अब चिकनगुनिया पीड़ितों की कुल संख्या 72 हो गई है। एक जुलाई से अब तक पटना में चार लोगों की मौत डेंगू से हो चुकी है।
Durga Puja 2024: बिहार की राजधानी पटना में स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में दशहरे पर 12 अक्टूबर को रावण वध का कार्यक्रम होगा। इसे लेकर गांधी मैदान को सुरक्षा की दृष्टि से चार सेक्टर में बांटा जाएगा। 128 सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। 229 स्ट्रीट लाइट और 20 हाई मास्क लाइट से गांधी मैदान को चकाचक किया जाएगा। बुधवार को डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह व एसएसपी राजीव मिश्रा ने गांधी मैदान का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
Durga Puja: शारदीय नवरात्र को लेकर बिहार की राजधानी पटना और उसके आसपास के क्षेत्रों में पांच हजार से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई है। पटना जिले की आबादी करीब 72 लाख है। ऐसे में करीब 1400 लोगों पर एक जवान की तैनाती की गई है। सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशमी के रोज सभी पूजा पंडालों के अलावा भीड़ वाले जगहों पर पुलिस विशेष नजर रखेगी। डाकबंगला, पटनासिटी, कदमकुआं, खाजपुरा और बोरिंग रोड जैसे इलाकों में सादे लिबास में भी पुलिस के जवान और अफसर तैनात रहेंगे।
Navratri 2024: कलश स्थापना के साथ गुरुवार से शारदीय नवरात्रि का अनुष्ठान शुरू हो गया । देवी मंत्रों के आह्वान के बीच श्रद्धालु गुरुवार सुबह से आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना में लीन हो गए। अगले नौ तिथियों तक मां की स्तुति से राजधानी पटना के घर, मंदिर और पूजा पंडाल गुंजायमान होंगे। गुरुवार के दिन प्रतिपदा होने के कारण मां दुर्गा पालकी या डोली पर सवार होकर आएगी। कलश स्थापना का मुहूर्त सुबह 6.15 मिनट से 7.22 बजे तक रहेगा। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11.46 बजे से दोपहर 12.33 मिनट तक रहेगा। वैसे दोपहर 3.17 बजे तक कलश की स्थापना की जा सकेगी।
बिहार के नालंदा जिले में 8,274 समेत सूबे के तीन लाख 52 हजार 600 छात्रों के दोहरे नामांकन का भंडाफोड़ हुआ है। यानि, एक लाख 76 हजार 300 ऐसे विद्यार्थी हैं, जिनके नाम सरकारी के साथ ही निजी विद्यालयों में भी हैं। सभी डीईओ को इसकी सूचना देकर उन्हें शीघ्र सुधार की चेतावनी दी गयी है। फिलहाल इन सारे बच्चों को सरकारी योजनाओं के किसी भी तरह के लाभ से वंचित रखा जाएगा। हद तो यह कि दोनों स्कूलों में कई बच्चों की कक्षाएं भिन्न पायी गयी हैं।
बिहार में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री का वितरण कर रहे वायुसेना के हेलीकॉप्टर को बुधवार को मुजफ्फरपुर के औराई प्रखंड के मधुबन बेसी गांव में पानी में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हादसे के तत्काल बाद ग्रामीण नावों से मौके पर पहुंच गए और हेलीकॉप्टर में सवार दो पायलट और दो जवानों को सुरक्षित निकाल लिया। घटनास्थल के आसपास घनी बस्ती है। पास ही ग्रामीण हाट लगा हुआ था। हेलीकॉप्टर अनियंत्रित होकर गिरता तो गंभीर नुकसान होने की आशंका थी। पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
Flood In Bihar: बिहार में आई बाढ़ से किसानों को लगभग 350 करोड़ की मछली और मखाने की फसल के नुकसान का अनुमान है। इसमें मछली का ही 300 करोड़ क्षति अनुमानित है। उत्तर बिहार के 16 जिले बाढ़ प्रभावित हैं और इसी इलाके में अधिक मछली पालन होता है। बाढ़ आने से तालाबों की मछलियां बह गईं हैं। वहीं, 20 से 30 प्रतिशत मखाने की फसल तालाबों में ही थी। एक तरफ बाढ़ से मछली और मखाने की फसल को नुकसान हुआ है, दूसरी ओर मछली बीमा योजना फाइलों में ही दौड़ रही है। पिछले साल पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग ने मछली बीमा योजना लागू करने की तैयारी की थी, लेकिन बीमा एजेंसी चयन प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण बीमा योजना लागू नहीं हो सकी।
Jobs In Bihar: बिहार में नौकरी करने वालों की संख्या साल-दर-साल बढ़ रही है। मात्र दो सालों में ही राज्य के 91 हजार लोगों को रोजगार मिला है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के दायरे में अब राज्य के साढ़े चार लाख से अधिक कामगार आ गए हैं। कर्मचारी राज्य बीमा निगम के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 31 मार्च 2022 तक बिहार में तीन लाख 58 हजार 980 कामगार ही ईएसआईसी के दायरे में थे। लेकिन इसके अगले वर्ष 31 मार्च 2023 तक बिहार के चार लाख 11 हजार 210 कामगार ईएसआईसी के दायरे में आ गए। यानी एक साल में 52 हजार 230 कामगार ईएसआईसी के दायरे में बढ़ गए।
बिहार के विभिन्न जिलों के 381 निजी शैक्षणिक संस्थानों में स्टूडेंट क्रेडिट कार्य योजना के भरोसे आवेदन करने वाले विद्यार्थियों का नामांकन अधर में है। नैक से मान्यता नहीं रहने के कारण शैक्षणिक सत्र 2024-25 से ऐसे संस्थानों का स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का लाभ पर रोक है। ये सभी संस्थान पांच साल पुराने हैं। दूसरी ओर नैक का पोर्टल बंद है, जिस कारण संस्थान अभी मान्यता के लिए आवेदन भी नहीं कर सकते हैं। इसको देखते हुए संस्थानों को एक साल के लिए नैक अनिवार्यता से छूट देने पर कई दिनों से विचार चल रहा है, पर शिक्षा विभाग अंतिम निर्णय पर नहीं पहुंच सका है।
बिहार में बाढ़ से हई बड़ी त्रासदी के बीच उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि कोसी पश्चिमी तटबंध टूटने के मामले की सरकार जांच कराएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित अभियंताओं और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों का जायजा लेने के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में संवेदनशील व सुशासन की सरकार है। वह हर बाढ़ पीडित के साथ खड़ी है। उपमुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल के साथ गौड़ाबौराम अंचल के मलैई व पुनाच गांव में बाढ़ विस्थापित परिवारों के लिए प्रशासन की ओर से बनाये गये राहत शिविरों का जायजा लिया। इस दौरान पीड़ितों की समस्याएं भी सुनीं। उपमुख्यमंत्री ने राहत शिविर में रह रहे विस्थापित परिवारों को समय पर भोजन व जलपान की व्यवस्था करने का आदेश दिया।
सरकारी अस्पतालों में मरीजों को निशुल्क दवा वितरण में पूरे देश में बिहार प्रथम स्थान पर है। मरीजों को आवश्यक दवा वितरण, आपूर्ति और उपयोग में 77.22 फीसदी अंक के साथ बिहार पूरे देश में अव्वल रहा। 76.91 फीसदी अंक के साथ राजस्थान दूसरे और 69.14 प्रतिशत स्कोर के साथ तेलंगाना तीसरे स्थान पर है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सितंबर की मासिक रैंकिंग जारी की है। स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा देश के 24 राज्यों में ड्रग एंड वैक्सीन डिस्ट्रिब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम (डीवीडीएमएस) संचालित हैं। इसके माध्यम से अस्पतालों में दवा की उपलब्धता का प्रबंधन होता है। दवा स्टॉक से लेकर वितरण तक 11 मापदंडों पर बिहार देश में अव्वल रहा है।
