रोहतास में घर में घुसकर सरपंच को गोलियों से भूना, हत्या से गांव में दहशत

रोहतास में घर में घुसकर सरपंच को गोलियों से भूना, हत्या से गांव में दहशत


बिक्रमगंज में बेखौफ अपराधियों ने सरपंच की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक सतीश सिंह शिवपुर पंचायत के सरपंच थे। ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच की पत्नी व एकलौता पुत्र रांची में रहते हैं।

sandeep हिन्दुस्तान, रोहतासSat, 21 Sep 2024 03:12 PM
share
Share

रोहतास जिले के बिक्रमगंज में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे सरपंच की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक  सतीश सिंह बिक्रमगंज प्रखण्ड अंतर्गत शिवपुर पंचायत के सरपंच थे। घटना के समय वह बिक्रमगंज से बाजार कर अपने गांव शिवपुर आकर घर मे कपड़ा बदल रहे थे, तभी अपराधियों ने दो गोली मार दी। गोली पेट मे लगी। गोली लगते ही सरपंच गिर पड़े और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना व गोली की आवाज सुनकर अन्य परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तब तक अपराधी हत्या कर भाग निकले थे। घटना की पुष्टि करते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच की पत्नी व एकलौता पुत्र रांची में रहते हैं। सरपंच यहां अकेले अपने भाई व अन्य परिजन के साथ रहते थे। सरपंच व उसके अन्य परिवार के सदस्यों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था। जिसके कारण यह हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।

ये भी पढ़े:दाह संस्कार के दौरान हो गया झगड़ा, बीच-बचाव करने आए मुखिया की गोली मारकर हत्या

मामला जो भी हो, यह तो मृतक की पत्नी व उसके पुत्र द्वारा दर्ज एफआईआर के बाद ही यह स्पष्ट हो पायेगा। इस संबंध में एसडीपीओ कुमार संजय ने बताया कि मृतक सरपंच के पत्नी व पुत्र को झारखंड के रांची में रहने की बात बताई जा रही है। जिसकी सूचना उन्हें दे दी गयी है। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए विधि सम्मत कार्रवाई कर रही है। शीघ्र ही घटना का उद्भेदन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *