मुजफ्फरपुर रेप-मर्डर कांड में बड़ा खुलासा; हत्या की रात लड़की, उसकी बहन और आरोपित में होती रही बात

मुजफ्फरपुर रेप-मर्डर कांड में बड़ा खुलासा; हत्या की रात लड़की, उसकी बहन और आरोपित में होती रही बात


बिहार के मुजफ्फरपुर में दलित परिवार की लड़की का से रेप-मर्डर कांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने दावा किया है कि जिस रात लड़की का मर्डर हुआ था उसी रात लड़की की बात आरोपी संजय राय के साथ हुई थी। इस बात चीत में लड़की की बड़ी बहन भी शामिल थी। लड़की ने ही पहले आरोपी को कॉल किया था। सीडीआर के तथ्य के आधार पर जानकारी लेने के लिए पुलिस अब मृत किशोरी के परिजनों से पूछताछ की कोशिश कर रही है। मृत किशोरी की बड़ी बहन से शुक्रवार को जब साइबर डीएसपी सीमा देवी ने पूछताछ शुरू की तो वह बेहोश हो गई। बेहोशी के बाद परिवार वालों ने विरोध किया और पुलिस को कुछ जानकारी नहीं मिल पाई।

पुलिस के अनुसार मामले में फरार आरोपित संजय राय, किशोरी और उसकी बड़ी बहन के मोबाइल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) लिया गया है। एक माह के सीडीआर से स्पष्ट है कि मृत किशोरी और संजय राय के बीच मोबाइल पर 422 बार बात हुई थी। इसमें संजय राय ने 213 बार किशोरी को और किशोरी ने 209 बार आरोपित को कॉल की है। घटना की रात करीब 10 बजे किशोरी ने आरोपित संजय राय को कॉल की थी। उस समय दोनों में 47 सेकंड बात हुई। उसी रात 12:58 बजे किशोरी ने अपनी बड़ी बहन को कॉल की थी। उस समय दोनों बहन के बीच 240 सेकंड बात हुई। रात 8 बजे के बाद से ही उसकी बड़ी बहन का लोकेशन उसके घर पर नहीं था। पुलिस यह जानना चाह रही है कि आखिर दोनों बहनों के बीच चार मिनट तक क्या बातें हुई थी। बड़ी बहन से बात के बाद किशोरी की हत्या हुई है। ऐसे में पुलिस ने इस कॉल को जांच का केंद्र बिंदु बनाया है। बता दें कि उसकी बड़ी विधवा है और मायके में ही रहती है।

इधर, मृतका की बड़ी बहन और आरोपित संजय राय के बीच बीते 10 दिन के अंदर 27 बार बात हुई है। 12 अगस्त को मृतका का शव सुबह करीब 11 बजे मिला था। उसी दिन शव मिलने से चार घंटा पहले सुबह सात बजे मृतका की बड़ी बहन और आरोपित संजय राय के बीच मोबाइल पर बात हुई थी। पूरी रात मृतका की बड़ी बहन का लोकेशन घर से बाहर चार किमी के दायरे में था। इस कांड के नामजद मिथिलेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि संजय राय फरार है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया है कि संजय जब फरार हुआ तो वह बोलेरो से उसे छपरा पहुंचाया था। पुलिस ने उस बोलेरो को भी जब्त कर लिया है, जिससे संजय को भगाया गया था। घटना में साक्ष्य को मिटाने में इस गाड़ी का उपयोग किया गया था।

क्या कहते हैं एसएसपी

मृत किशोरी, उसकी बड़ी बहन और आरोपित के मोबाइल कॉल डिटेल से स्पष्ट है कि इनके बीच पहले से संपर्क और बातचीत होती रही है। घटना की रात भी सभी ने आपस में बात की है। सीडीआर के अनुसार छानबीन की जा रही है। -राकेश कुमार, एसएसपी

आरोपित को सरेंडर करना होगा

किशोरी हत्याकांड के मुख्य आरोपित संजय राय के घर शुक्रवार शाम सरैया एसडीपीओ कुमार चंदन के नेतृत्व में डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चिपकाया गया। इश्तेहार में शनिवार को 12 बजे तक आरोपित को आत्मसमर्पण करने का समय दिया गया है। एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि आत्मसमर्पण नहीं करने पर उसका घर कुर्क किया जाएगा। इधर, दुष्कर्म के बिंदू पर पुलिस ने पोस्टमार्टम में जांच का आग्रह किया था। इसके आधार पर पोस्टमार्टम में शामिल चिकित्सकों ने स्वाब का नमूना पैथोलोजी जांच के लिए भेजा है। एसडीपीओ सरैया कुमार चंदन ने बताया कि अब तक पैथोलोजी जांच रिपोर्ट नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने ओल्ड रैपचर शब्द का इस्तेमाल किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *