मुजफ्फरपुर में कटा चालान तो समस्तीपुर में आया मैसेज, एक ही नंबर प्लेट की दो गाड़ियां; बिहार में गजब खेला

मुजफ्फरपुर में कटा चालान तो समस्तीपुर में आया मैसेज, एक ही नंबर प्लेट की दो गाड़ियां; बिहार में गजब खेला


बिहार में एक ही नंबर प्लेट पर दो जिलों में बाइक व स्कूटी दौड़ रही है। सीतामढ़ी में बाइक व मुजफ्फरपुर में स्कूटी पर एक ही नंबर प्लेट लगा है। बुधवार को यह मामला सामने आया है। मुजफ्फरपुर में स्कूटी पर ट्रिपल लोडिंग का चालान कटा, तो उसका मैसेज सीतामढ़ी के बोखड़ा थाना के नया टोला के ललन साह के मोबाइल पर मिला। उन्होंने जांच करवाई तो पता चला कि यह चालान मुजफ्फरपुर के पुरानी बाजार नाका मोड़ पर ट्रिपल लोडिंग को लेकर 18 जून 2024 को 8:35 बजे काटा गया है, जबकि ललन साह की बाइक सीतामढ़ी उनके आवास पर खड़ी है।

शिकायत लेकर वे नगर थाना पहुंचे। वहां उन्होंने थानेदार शरत कुमार को पूरी बात बताई। फिर, ट्रैफिक थाने जाकर चालान का अपडेट लिया। इसमें पता चला कि उनकी बाइक का नंबर स्कूटी पर लगा है। उस स्कूटी पर तीन लोग सवार थे। सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी ड्राइव कर रहे व्यक्ति का चेहरा खुला हुआ है, जबकि पीछे बैठी दो महिलाएं मास्क व चेहरे को नकाब से ढके हुई दिख रही हैं। पुलिस सीसीटीवी में दिख रहे व्यक्ति को चिन्हित करने में जुट गई है।

बाइक मालिक ललन कुमार साह ने नगर थाने की पुलिस को बताया है कि वह फल दुकानदार है। मुजफ्फरपुर की ही एक बाइक एजेंसी से गाड़ी खरीदी थी। अचानक दो दिन पहले उनके मोबाइल पर ट्रिपल लोड मुजफ्फरपुर में चलने को लेकर एक हजार रुपये चलान काटे जाने का मैसेज आया, जबकि वह पिछले तीन माह में कभी मुजफ्फरपुर आए ही नहीं। जब मुजफ्फरपुर ट्रैफिक थाने आकर चालान का अपडेट लिया तो उनकी बाइक का नंबर स्कूटी पर लगा था। नगर थानेदार ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस को पूरे मामले की जांच को कहा गया है। स्कूटी मालिक को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *