मुजफ्फरपुर गैंगरेप हत्याकांड में लड़की के प्राइवेट पार्ट काटने से पुलिस का इनकार, मिला हथियार

मुजफ्फरपुर गैंगरेप हत्याकांड में लड़की के प्राइवेट पार्ट काटने से पुलिस का इनकार, मिला हथियार


बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में नाबालिग लड़की से दरिंदगी के बाद उसकी हत्या किए जाने का मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया है। जिले के पारू थाना इलाके के एक गांव में शादी से इनकार करने पर एकतरफा आशिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर किशोरी को उसके घर से अगवा कर उसका गैंगरेप किया, फिर उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया गया। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि आरोपियों ने लड़की के प्राइवेट पार्ट्स को भी काट दिया। हालांकि, पुलिस ने इस बात से इनकार किया है। एसएसपी राकेश कुमार ने कहा कि मुख्य आरोपी संजय राय के घर के दरवाजे से हत्या में प्रयुक्त खुरपी बरामद की गई है, जिस पर खून भी लगा हुआ है। हालांकि, आरोपी फरार है। उसके 5 अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

यह वारदात 11 अगस्त देर रात की है। अगले दिन 12 अगस्त को लड़की का शव पड़ोस के गांव के एक तालाब से बरामद किया गया। पीड़िता दलित और गरीब परिवार से थी। इस साल उसने कक्षा 9 में नामांकन कराया था लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से स्कूल नहीं जा पाई। मृतका की मां ने पुलिस को पूर्व में बताया कि गांव का ही दबंग युवक संजय राय उसकी बेटी से जबरन शादी करने पर दबाव बना रहा था। वह खुद पहले से शादीशुदा है। वारदात की रात वो उसके घर पर आया और परिवार वालों को धमकाकर और पीटकर बेटी को जबरन उठा ले गया था। अगले दिन बेटी की लाश मिली। एफआईआर में मां ने गैंगरेप के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाकर 6 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

मुजफ्फरपुर में नाबालिग लड़की से दरिंदगी, एकतरफा आशिक ने गैंगरेप के बाद मार डाला

मामला चर्चा में आने के बाद मुजफ्फरपुर एसएसपी राकेश कुमार खुद बुधवार को जांच के लिए पारू पहुंचे। उन्होंने करीब दो घंटे तक गांव में रुककर पूरे मामले की जांच की। इस दौरान वे पीड़िता परिवार से मिले और सभी का बयान लिया। उन्होंने परिजन को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

एसएसपी ने बताया कि डॉग स्क्वॉयड की टीम को आरोपी संजय राय के घर के यहां तलाशी के दौरान वारदात में इस्तेमाल हुई खून से सनी खुरपी मिली। उन्होंने बताया कि किशोरी की हत्या चाकू नहीं बल्कि खुरपी से गोदकर की गई। उन्होंने प्राइवेट पार्ट काटे जाने की बात से इनकार कर दिया। एसएसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव के प्राइवेट पार्ट में जख्म नहीं मिले हैं। आरोपी के घर फिलहाल ताला लगा है। वारदात के बाद वह फरार है, उसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *