भागलपुर सामूहिक हत्याकांड में पुलिसकर्मी सूरज ठाकुर गिरफ्तार, सिपाही नीतू से था एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर

भागलपुर सामूहिक हत्याकांड में पुलिसकर्मी सूरज ठाकुर गिरफ्तार, सिपाही नीतू से था एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर


Bhagalpur Mass Murder: बिहार के भागलपुर स्थित पुलिस लाइन में महिला सिपाही के परिवार के हत्याकांड में कांस्टेबल सूरज को गिरफ्तार किया गया है। उस पर हत्या के लिए उकसाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी सूरज का मृतक सिपाही नीतू से एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर यानी शादी के बाद अवैध संबंध थे। आशंका है कि इसी बात से गु्स्साए नीतू के पति पंकज ने अपनी पत्नी, दो बच्चों और बूढ़ी मां की हत्या कर दी। फिर खुद ने भी फांसी से लटककर जान दे दी। नीतू के मामा नागेंद्र ठाकुर ने भी पंकज पर परिवार के चार सदस्यों की हत्या के आरोप लगाए हैं।

पुलिस को महिला सिपाही नीतू के घर से पांचों के शव मंगलवार सुबह मिले थे। इस केस में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की। पहली एफआईआर में नीतू के पति पंकज को आरोपी बनाया गया। हालांकि, उसकी भी मौत हो चुकी है। पंकज ने सुसाइड करने से पहले एक नोट लिखा था, जो पुलिस को मौके से मिला। इसमें उसने अपनी पत्नी नीतू पर उसकी मां और दो बच्चों की हत्या करने का आरोप लगाया। पंकज ने लिखा कि नीतू ने उसके परिवार के तीन लोगों को मार डाला। इस वजह से आवेश में आकर उसने नीतू की हत्या कर दी और खुद भी फांसी से झूल गया। सुसाइड नोट में पंकज ने नीतू के अवैध संबंध का भी जिक्र किया था।

दूसरी एफआईआर में नीतू के प्रेमी कांस्टेबल सूरज कुमार ठाकुर को आरोपी बनाया गया है। वह किशनगंज जिले के ठाकुरगंज का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में सूरज ने बताया कि वो औऱ नीतू दोनों ने 2015 में पुलिस फोर्स जॉइन की थी। दोनों की पोस्टिंग नवगछिया थाने में साथ-साथ ही हुई थी। 2021 में उनका ट्रांसफर भागलपुर हो गया। सूरज डीसीबी ब्रांच में चला गया तो नीतू की आरटीआई ब्रांच में तैनाती हो गई।

सूरज ने बताया कि सितंबर 2023 में उसे डेंगू हो या था। उस समय नीतू ने उसका बहुत ख्याल रखा। तब से दोनों की फोन पर खूब बातें होने लगीं। नीतू ने उसे बताया कि उसकी पंकज से लव मैरिज हुई थी। मगर अब उसका रिश्ता बिगड़ रहा है। नीतू को उसका पति प्रताड़ित कर रहा था। सूरज के मुताबिक इसी साल मई में लोकसभा चुनाव के दौरान उसने नीतू के साथ असम के कामाख्या मंदिर की यात्रा की थी। इसके बाद पिछले महीने वे पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग घूमने गए थे। वहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने थे।

भागलपुर एसएसपी आनंद कुमार ने सूरज ठाकुर की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि उसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। भागलपुर रेंज के डीआईजी विवेकानंद ने कहा कि अब तक की जांच में पता चला है कि नीतू और पंकज के बीच शादी को लेकर झगड़े चल रहे थे। पिछले कुछ महीने से नीतू के अवैध संबंध की वजह से उनका रिश्ता खराब हो गया था। इसी वजह से वारदात से ठीक पहले पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ। हालांकि, नीतू ने अपने पति के खिलाफ पुलिस में कभी शिकायत नहीं की थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है, आने वाले समय में इस सामूहिक हत्याकांड में कई और खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *