Bihar Top News 14th October 2024: स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बेगूसराय में एक, पूर्वी चम्पारण में एक, गया में दो, खगड़िया में एक, मधुबनी में एक, नालंदा में एक, नवादा में एक, सारण में एक, वैशाली में एक और पश्चिम चम्पारण में तीन मरीज मिले। पटना में रविवार को डेंगू के कुल 24 नए पीड़ित मिले।
Bihar Top News 14th October 2024: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जिला स्तर पर विभाग के स्तर से चलने वाली सभी तरह की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा कर तमाम जिलों के डीएम की रैंकिंग की है। अररिया जिला फिसड्डी साबित हुआ तो पटना का स्थान नीचे से पांचवें (34वें) पायदान पर रहा। आज से एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी (महिला) 2024 की शुरुआत हो रही है। 11 से 20 नवंबर तक राजगीर खेल परिसर में इसका आयोजन होगा। सीएम नीतीश कुमार ट्रॉफी गौरव यात्रा की शुरुआत करेंगे। यह पंजाब, हरियाणा, ओडिशा और झारखंड के साथ बिहार के सभी जिलों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा 14 अक्टूबर से 10 नवंबर तक चलेगी। बिहार में डेंगू का डंक सता रहा है। पटना के गांधी मैदान से रावण वध देख कर लौट रही लड़की से मसौढ़ी में रेप की वारदात हुई है।
पढ़ें: सता रहा है डेंगू का डंक
बिहार में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। राज्य में डेंगू के 38 नए मरीज मिले हैं।इस साल एक जनवरी से अब तक राज्य में डेंगू के 4698 मरीज मिल चुके हैं। इसमें से अबतक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बेगूसराय में एक, पूर्वी चम्पारण में एक, गया में दो, खगड़िया में एक, मधुबनी में एक, नालंदा में एक, नवादा में एक, सारण में एक, वैशाली में एक और पश्चिम चम्पारण में तीन मरीज मिले। पटना में रविवार को डेंगू के कुल 24 नए पीड़ित मिले। अब कुल पीड़ितों की संख्या बढ़कर 2315 हो गई है। रविवार को कंकड़बाग में छह, बांकीपुर में चार, एनसीसी अंचल में दो, अजीमाबाद में तीन तथा पाटलिपुत्र में दो पीड़ित मिले। एक की पहचान नहीं हो सकी। प्रखंडों में सबसे अधिक संपतचक में तीन मिले हैं। इसके अलावा दानापुर, फतुहा और मसौढ़ी में एक-एक पीड़ित मिले हैं। चिकनगुनिया के दो नए मामले रविवार को मिले। अबतक चिकनगुनिया पीडितों की कुल संख्या बढ़कर 117 हो गई है।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रावण वध समारोह देखकर लौट रही एक किशोरी का बाइक सवार एक परिचित मनचले ने दुष्कर्म किया। यह घटना शनिवार रात घटी, जब पीड़िता अपनी छोटी बहन के साथ घर जाने के लिए मसौढ़ी के कर्पूरी चौक पर खड़ी थी। पीड़िता भगवानगंज के एक गांव की रहने वाली है। वहीं आरोपित युवक पड़ोसी गांव का निवासी बताया जाता है। रविवार की शाम पीड़िता परिजनों के साथ मसौढ़ी थाने पहुंचकर दुष्कर्म की लिखित शिकायत की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ई- शिक्षा कोष पोर्टल पर विद्यार्थियों की सूचना नहीं देना स्कूलों को महंगा पड़ सकता है। छात्र-छात्राओं की सूचना नहीं देने वाले पटना जिले के विभिन्न प्रखंडों में ऐसे 117 स्कूल चिह्नित किए गए हैं। इन्होंने अध्ययनरत बच्चों की सूचना पोर्टल पर अपलोड करनी शुरू भी नहीं की है। इन विद्यालयों को जल्द से जल्द वर्गवार आधार संख्या के साथ बच्चों की सूचना ई- शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड करना है। वरना इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि स्कूलों में दोहरे नामांकन और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए निजी स्कूलों को भी ई- शिक्षा कोष पोर्टल पर विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं की सूचना देनी है।
एनसीपी (अजीत गुट) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद गोपालगंज जिला का शेखटोली गांव चर्चा में है। यह बाबा सिद्दीकी का पैतृक गांव है। बाबा सिद्दीकी उर्फ बाबा जियाउद्दीन सिद्दीकी के पिता अब्दुल रहीम सिद्दीकी गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के शेखटोली गांव निवासी थे। करीब 60 साल पहले वे रोजी रोटी के लिए मुंबई चले गए थे। मुंबई में उन्होंने जीवन बसर करने के लिए घड़ी एवं रेडियो की मरम्मत की दुकान खोली। फिर वहीं बस गए। बांद्रा पश्चिम में उनका अपना मकान है। मुंबई में ही 13 सितंबर, 1958 को बाबा सिद्दीकी का जन्म हुआ था। शेखटोली के ग्रामीण बताते हैं कि बाबा सिद्दीकी ने अथक संघर्ष के बल पर महाराष्ट्र की राजनीति में मुकाम हासिल किया था। पैतृक गांव में उनके चचेरे भाई मरहूम मो. जलालुद्दीन का परिवार रहता है। ग्रामीण उनके सौम्य स्वाभाव के कायल रहे हैं।
भोजपुर के बड़हरा थाना क्षेत्र के राम शहर गांव छितनी के बाग में शुक्रवार की रात शराबी पति ने लाठी-डंडे और रॉड से पीट-पीटकर कर पत्नी की हत्या कर दी। मारपीट के मामले में जेल भेजवाने और मिलने नहीं आने से नाराज शराबी ने जमानत पर आने के बाद हत्या का अंजाम दिया है। उसने बेटों के सामने ही पत्नी को मार डाला। मृत महिला छितनी के बाग गांव निवासी भोला लाल की 34 वर्षीया पत्नी कविता देवी थी। वह महिला समूह में काम कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने आरोपित भोला लाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। बड़हरा थाना क्षेत्र के ही गुलाब छपरा गांव निवासी बलिराम लाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी कविता की शादी अप्रैल 2013 में राम शहर छितनी के बाग गांव निवासी भोला लाल से की थी।
बिजली की चपेट में आने से बिहार में रोज जानमाल का नुकसान हो रहा है। औसतन एक की मौत हो रही है। इंसान के साथ जानवर भी बिजली की चपेट में आ रहे हैं। बिजली की चपेट में आकर मरने के मामले में बिहार देश में चौथे पायदान पर है। वैसे देश में सबसे अधिक उत्तरप्रदेश में बिजली की चपेट में आने से मौत हो रही है। यह बिहार की तुलना में चार गुना से भी अधिक है।
केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण रिपोर्ट के अनुसार, देश में 14 हजार 318 लोग बिजली की चपेट में आए। इनमें 6154 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2398 जख्मी हुए। वहीं 5728 जानवरों की जान चली गई। सबसे अधिक यूपी में 1325 लोगों की मौत, जबकि 487 जख्मी हो गए। दूसरे पायदान पर महाराष्ट्र में 562 की मौत तथा 517 लोग जख्मी हुए। कर्नाटक में 504 की जान गई तो 243 लोग जख्मी हुए। बिहार में बिजली की चपेट में आने से 253 लोगों की जान गई तो आठ जख्मी हुए।
बिहार में बड़ी संख्या में खोखा या फर्जी कंपनी बनाकर जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) के अंतर्गत इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) चोरी का खेल चल रहा है। केंद्रीय जीएसटी महकमा ऐसी 200 से अधिक संदिग्ध फर्जी कंपनियों के खिलाफ जांच में जुटा हुआ है। इस वर्ष अब तक दर्जनों ऐसी कंपनियों का निबंधन रद्द किया गया है। जल्द ही जीएसटी महकमा ऐसी कागजी कंपनियों के खिलाफ राज्यभर में व्यापक अभियान शुरू करने की तैयारी में है। इसमें शामिल बड़े माफियाओं को जल्द दबोचा भी जाएगा। इसे लेकर गया, औरंगाबाद, सारण, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर समेत अन्य जिलों में तेजी से पड़ताल चल रही है।
बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जिला स्तर पर विभाग के स्तर से चलने वाली सभी तरह की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा कर तमाम जिलों के डीएम की रैंकिंग की है। अररिया जिला फिसड्डी साबित हुआ तो पटना का स्थान नीचे से पांचवें (34वें) पायदान पर रहा। यह पहला मौका है, जब जिलाधिकारियों की रैंकिंग की गई है। उन्हें राजस्व विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं की जिला स्तर पर मॉनीटरिंग और उनके सफल क्रियान्वयन को आधार बनाते हुए अंक दिए गए हैं।
आठ बिन्दुओं पर की गई इस समीक्षा में जमीन से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की मॉनीटरिंग तथा क्रियान्वयन में सबसे फिसड्डी जिला अररिया (डीएम-अनिल कुमार) साबित हुआ है। उसे 100 में महज 20.9 अंक मिले हैं। इसके बाद खराब प्रदर्शन करने वाले जिलों में सहरसा (डीएम वैभव चौधरी) को 25.11 अंक मिले हैं। पश्चिम चंपारण के डीएम दिनेश कुमार राय को 26.03 अंक, नवादा के आशुतोष कुमार वर्मा को 26.61 और नीचे से 5वें स्थान पर पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह हैं, जिन्हें सिर्फ 26.92 अंक मिले हैं।
Bihar Jobs: बिहार में बिजली कंपनियों में 533 पदों पर आंतरिक बहाली होगी। इन पदों को बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी एवं इसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत कर्मियों से ही परीक्षा के आधार पर भरा जाएगा। इसको लेकर एक से 15 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी ने बताया है कि आंतरिक बहाली को लेकर सहायक अभियंता के 58, कनीय अभियंता के 214 और कॉरेस्पोंडेंस क्लर्क के 150 पद हैं। अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं अहर्ता के अनुरूप पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। उपरोक्त पदों के लिए सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) परीक्षा होगी, जिसके लिए कार्यक्रम अलग से जारी होगा।
