बिहार में एक करोड़ सदस्य बनाएगी बीजेपी, विधानसभा चुनाव से पहले पदाधिकारियों को मिला टास्क

बिहार में एक करोड़ सदस्य बनाएगी बीजेपी, विधानसभा चुनाव से पहले पदाधिकारियों को मिला टास्क


भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बिहार में एक करोड़ लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पार्टी एक सितंबर से सदस्यता अभियान शुरू करेगी। अभियान को सही तरीके से संपादित करने के लिए बुधवार को पटना के रवींद्र भवन में कार्यशाला हुई। इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पदाधिकारियों को नए सदस्यों को जोड़ने का टास्क दिया।

सुनील बंसल ने बीजेपी पदाधिकारियों से कहा कि पार्टी के लिए सदस्यता अभियान हर व्यक्ति तक पहुंचने का माध्यम है। यह अभियान काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अगले साल बिहार में विधानसभा चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हम प्रत्येक बूथ पर जाकर सदस्य बनाएं। एक बूथ पर कम से कम 200 सदस्य बना सकें तो सदस्यता भी बढ़ेगी, बूथ भी सक्रिय होगा, हर घर में हमारा संपर्क भी होगा और हर मतदाता बीजेपी सदस्य भी होगा। इस अभियान से पार्टी का संपर्क बढ़ाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि अगर पदाधिकारी या कार्यसमिति का सदस्य भी बनना है तो एक सक्रिय सदस्य को कम से कम 100 प्राथमिक मेंबर बनाने होंगे। इससे अधिक हो तो बेहतर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिक से अधिक सदस्य बनाने के लिए जनता के बीच जाना होगा। लोकसभा चुनाव में जिन बूथों पर पार्टी कमजोर नजर आई उन पर ज्यादा ध्यान देना है। यहां संख्या अधिक होनी ही चाहिए। ज्यादा सदस्य बनेंगे तो संगठन का भी विस्तार होगा। हमें समाज के हर वर्ग को जोड़ना है। अभियान के लिए जिला स्तर पर चार-चार सदस्यों की टोली बना दी गई है। एक समिति बनाई गई है, जिसके संयोजक पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा हैं। समिति में प्रमोद चंद्रवंशी, लाजवंती झा, रत्नेश कुशवाहा और ओम प्रकाश भुवन को शामिल किया गया है।

कुशवाहा को 2 साल, मनन मिश्रा को 4 साल का टर्म मिलेगा; निर्विरोध राज्यसभा जाना तय

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी घर-घर तक पहुंच रही है। यह सब कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और संघर्ष के कारण हो पा रहा है। आज विपक्ष भ्रमजाल फैलाने की कोशिश कर रहा है, जिसे तोड़ना है। वहीं, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस अभियान से हमें प्रदेश के सभी घरों तक पहुंचना है। युवाओं, महिलाओं, अनुसूचित जाति, जनजाति, डॉक्टर, कलाकार, खिलाड़ी आदि सभी वर्गों के लोगों तक पार्टी कार्यकर्ता पहुंचेंगे और उन्हें पार्टी से जोड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *