बिहार में डायरिया की वजह से दो नाबालिग सगी बहनों की मौत हो गई है। डायरिया से दो बहनों की मौत के बाद से घर में सन्नाटा पसर गया है। बताया जा रहा है कि असरगंज प्रखंड के सती स्थान गांव में एक ही परिवार की दो नाबालिग सगी बहनों की मौत सोमवार को डायरिया से हो गई।
वहीं उसके अन्य दो भाई एवं बहन भी डायरिया की शिकायत के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज में भर्ती हैं। जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। सूचना पर असरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम गांव पहुंच कर जांच में जुटी है।
इधर कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि यह प्रखंड मुंगेर मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर है। मृतक में पांच साल की प्राची और 11 साल की उसकी बहन काजल शामिल है। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि डायरिया के लक्षणों से जुड़ी शिकायत के बाद उन्हें निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था।
यहां इलाज के बाद दोनों ठीक हो गई थीं। बच्चियों के परिजन उन्हें अस्पताल से घर लेकर चले गए। हालांकि, रात में दोनों की तबीयत फिर से खराब हो गई और फिर बाद में दोनों ने दम तोड़ दिया। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि इन बच्चियों के दादा की मौत करीब आठ दिन पहले हुई थी। जिनके श्राद्ध कर्म की तैयारी घर में चल रही थी। लेकिन अब घर में दो बच्चियों की मौत के बाद मातम पसर गया है।
