Bihar Top News Today 11 September: बिहार में जमीन के मालिकाना हक का रिकॉर्ड सही करने के मकसद से नीतीश कुमार की सरकार द्वारा शुरू किया गया बिहार जमीन सर्वेक्षण होकर रहेगा। भूमि सुधार मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने साफ कह दिया है कि जमीन माफिया चाहते हैं कि सर्वे रुक जाए लेकिन ऐसा होगा नहीं। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव कार्यकर्ता आभार यात्रा के दूसरे दिन समस्तीपुर में हैं। बुधवार को तेजस्वी समस्तीपुर, कल्याणपुर, रोसड़ा, वारिसनगर और हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। हसनपुर से तेजस्वी के भाई तेज प्रताप यादव विधायक हैं। सासाराम में एक नाबालिग से गैंगरेप की खबर है। आइए नजर डालते हैं बिहार की आज की अहम खबरों पर।
बिहार भाजपा अध्यक्ष और भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने जमीन सर्वे को लेकर साफ कह दिया है कि जमीन माफिया चाहते हैं कि ये रुक जाए लेकिन ये होकर रहेगा। जायसवाल ने कहा है कि सर्वे का काम समय पर पूरा होगा और इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। गरीब और अन्य लोगों की जमीन का भविष्य सर्वे से तैयार होने वाला डिजिटल रिकॉर्ड तय करेगा। उन्होंने कहा कि सर्वे में कहीं कोई विवाद नहीं है। शहर में नेताओं को क्यों बेचैनी है। जमीन का सर्वे हो जाएगा, यह अच्छी बात है। अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए जागरूक करने की आवश्यकता है।
आठ दिन की कार्यकर्ता आभार यात्रा पर मंगलवार से समस्तीपुर में डटे आरजेडी नेता तेजस्वी यादव बुधवार को बची हुई पांच विधानसभा सीटों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। तेजस्वी ने मंगलवार को मोरया, सरायरंजन, मोहिउद्दीन नगर, उजियारपुर और विभूतिपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं से बात की थी। बुधवार को समस्तीपुर, रोसड़ा, हसनपुर, कल्याणपुर और वारिसनगर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। हसनपुर विधानसभा सीट से तेजस्वी के भाई तेजप्रताप यादव विधायक हैं।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव आठ दिन की कार्यकर्ता आभार यात्रा के समापन के बाद परिवार के साथ विदेश दौरे पर जाएंगे। 10 सितंबर से शुरू हुई तेजस्वी की यात्रा का पहला चरण समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में दो-दो दिन गुजारने और कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद 17 सितंबर को खत्म हो जाएगा। दिल्ली की अदालत ने तेजस्वी की अपील पर पासपोर्ट देने का आदेश दिया है। तेजस्वी ने कोर्ट से कहा था कि वो सपरिवार 18 सितंबर से 8 अक्टूबर के बीच दुबई जाना चाहते हैं। कोर्ट ने तेजस्वी से यात्रा की सारी जानकारी भी मांगी है।
सासाराम के कच्छवा थाना इलाके में 15 साल की एक लड़की से गैंगरेप की खबर है। लड़की की शिकायत पर गांव के ही तीन दलित युवकों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। लड़की ने शिकायत में कहा है कि रात में शौच के लिए वो घर के पास निकली थी कि पिस्तौल की नोंक पर तीन लड़के उसे एक कमरे में ले गए और बारी-बारी से बलात्कार किया। काफी देर तक जब लड़की घर नहीं लौटी तो खोजने को निकली मां की आवाज सुनकर लड़के भाग गए।
पटना में एक ओला कैब ड्राइवर की कार में नशेड़ियों ने आग लगा दी। दमकल ने जब तक आग पर काबू पाया, कार स्वाहा हो चुकी थी। बताया गया है कि इस कार में एक कुत्ता कार में घुस गया। वहां मौजूद नशे में धुत चार-पांच लड़कों ने ड्राइवर के साथ कुत्ते पर कार चढ़ाने को लेकर झगड़ा किया और बाद में पैसे की मांग करने लगे। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करके झगड़ा खत्म करा दिया। बाद में उसकी कार में आग लग गई। ड्राइवर ने उन युवकों पर ही कार जलाने का आरोप लगाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को पटना और टाटानगर के बीच चलने वाले वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना करेंगे। मंगलवार को ट्रेन का ट्रायल रन सफल रहा। टाटानगर से मुरी, बोकारो, गोमो और गया स्टेशन पर रुकते हुए ट्रेन दोपहर 2.28 बजे पटना पहुंची थी। पटना से दोपहर 3.05 बजे ट्रेन टाटानगर के लिए रवाना हो गई। ट्रेन आम लोगों के लिए 20 सितंबर से चलेगी। अभी किराया और टाइम टेबल की घोषणा बाकी है।
केंद्रीय विज्ञान और प्रोद्योगिकी मंत्रालय के द्वारा आयोजित इंस्पायर अवार्ड के लिए आयडिया देने में बिहार लगातार पिछड़ रहा है। सरकार ने 50 हजार आयडिया भेजने का लक्ष्य रखा था लेकिन अब तक 16198 आयडिया ही आए हैं। वैशाली से सबसे अधिक 5167 जबकि अररिया से सबसे कम 2 आयडिया आए हैं। 15 सितंबर को आखिरी तारीख है। पिछले वर्ष भी कम आयडिया आने के बाद विभाग ने डेडलाइन बढ़ाया था लेकिन लक्ष्य का पचास फीसदी आयडिया भी नहीं आया। 2020 में बिहार से लगभग 52 हजार आयडिया गया था। इसमें छठी क्लास से दसवीं क्लास तक के बच्चे हिस्सा लेते हैं। जिस आयडिया का चयन होता है उसके बच्चे को प्रोटोटाइप तैयार करने के लिए 10 हजार रुपए मिलते हैं। फिर उनकी जिला, राज्य और देश के स्तर पर प्रतियोगिता होती है और चयनित आयडिया का पेटेंट कराया जाता है।
