छत पर तिरंगा लगाने गए युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत, 15 अगस्त पर घर में मातम

छत पर तिरंगा लगाने गए युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत, 15 अगस्त पर घर में मातम


बिहार के बेगूसराय जिले में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मौके पर दुकान की छत पर तिरंगा लगाने के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बलिया बाजार स्थित शीतला स्थान के पास की है। मृतक की पहचान बलिया नगर परिषद के वार्ड 15 मसूरचक निवासी मोहम्मद कलीम के 20 वर्षीय बेटे मोहम्मद सैफी के रूप में हुई है। देश की आजादी के पर्व के मौके पर जवान बेटे की मौत होने से घर में मातम छा गया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल भी हो गया।

जानकारी के मुताबिक मोहम्मद सैफी बलिया बाजार में स्थित एक दुकानदार के कहने पर तिरंगा झंडा लगाने के लिए छत पर चढ़ा। इसी दौरान वह छत के आगे से गुजर रही 11 केवी की बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इलाके में चीख-पुकार मच गई। परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफ़रा-तफ़री का माहौल हो गया। जो लोग आजादी का पर्व खुशी-खुशी मना रहे थे, इस घटना को देखकर स्तब्ध हो गए।

पटना के गांधी मैदान में जश्न-ए-आजादी का जश्न, शान से लहराया तिरंगा

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में युवक को बलिया अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। यहां मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *