बिहार के गोपालगंज जिले में एक बस से 16 क्विंटल चांदी के गहने बरामद किए गए हैं। यूपी-बिहार सीमा के बलथरी चेकपोस्ट पर गुरुवार शाम पुलिस ने गाड़ी की चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि बस में सवार एक युवक इतनी भारी मात्रा में चांदी के गहने मथुरा से सीतामढ़ी लेकर जा रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में वह चांदी के गहने से संबंधित कागजात पुलिस को नहीं दिखा पाया। बिना वैध कागजात के ले जाए रहे गहनों की कीमत करीब 6.6 करोड़ रुपये आंकी गई है।
हिरासत में लिया गया युवक सीतामढ़ी का मुन्ना कुमार है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वैसे वजन करने के बाद गहनों के वास्तविक भार के बारे में पता चलेगा। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि बिना कागजात के बरामद चांदी की जांच के लिए बिक्री कर व आयकर विभाग को सूचना दी जा रही है। टैक्स चोरी का मामला सामने आने पर जुर्माना लगाकर चांदी को मुक्त किए जाने का नियम है।

बता दें कि इससे पहले भी बलथारी चेकपोस्ट पर चांदी के गहने बरामद किए जा चुके हैं। उन्हें जुर्माना लगाने के बाद छोड़ दिया गया था। इसके पहले पुलिस ने 60 किलो चांदी के साथ तीन लोगों को हिरासत लिया था। 14 किलो चांदी की गुल्ली के साथ भी एक युवकपकड़ागयाथा।
