जहानाबाद जिले में तेज रफ्तार ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पुल से उफनाए नाले में गिर गया। जिसमें पति पत्नी समेत उनके तीन बच्चे नाले में गिर गए। बच्चों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। जबकि पति-पत्नी ने बांस का पेड़ पकड़कर अपनी जान बचाई। वहीं तेज रफ्तार से ई रिक्शा चला रहा चालक मौके से फरार हो गया। घटना तेरा- करपी रोड पर जय मंगल बीघा गांव के पास शुक्रवार की दोपहर की बताई जा रही है। तेरा गांव निवासी पंकज कुमार, उनकी पत्नी, बड़ी बेटी पल्लवी (11 साल), पम्मी ( 8 साल) और बेटा हर्ष राज (6 साल) नाले में डूब गए।
पति- पत्नी ने नाला के किनारे बांस के पेड़ पड़कर अपनी जान बचाई। उधर टोटो चालक गाड़ी को नाले में छोड़कर भाग खड़ा हुआ। इस दौरान रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों ने शोरगुल मचाया। जिसके बाद बड़ी तादाद में लोग जमा हुए।पति-पत्नी को नाले से बाहर निकाला गया। साथ ही इसकी सूचना करपी थानाध्यक्ष उमेश राम को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष समेत करपी बीडीओ ,अंचल अधिकारी पहुंच गए।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पंकज कुमार ने बताया कि वो परिवार के साथ रक्षाबंधन परगांव आए हुए थे। जिसके बाद पचकेसर गांव निवासी टोटो चालक से संपर्क कर उसकी टोटो गाड़ी मंगवाई थी। इस गाड़ी से जहानाबाद जा रहे थे। इसी बीच तेज गति से गाड़ी चला रहे चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और पुल से नीचे गाड़ी नाले में गिर पड़ी। लगातार वर्षा के कारण नाला उफान पर था। अपने तीनों बच्चे के नहीं मिलने से पति-पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि जिला प्रशासन पूरी ताकत के साथ नाले से तीनों बच्चों को निकालने के लिए प्रयास कर रही है। पुलिस उपाधीक्षक कृतिकमल भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात कर रही है।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी ने अति शीघ्र एसडीआरएफ को राहत और बचाव कार्य चलाने का निर्देश देते हुए स्वयं घटनास्थल पर पहुंच गई। घटनास्थल पर पहुंचकर जिलाधिकारी ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। इस संबंध में पदाधिकारियों को कई जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। उनके साथ जिलाधिकारी के विशेष कार्य पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
