भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील मनन कुमार मिश्रा को बिहार से उम्मीदवार बनाया है। मंगलवार की शाम पार्टी की ओर से बिहार सहित देश के अन्य राज्यों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की गई। राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है। बिहार से राज्यसभा की दो सीटों के लिए एनडीए के दोनों प्रत्याशी अब तय हो गए हैं। आएलएम के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और बीजेपी के मनन कुमार मिश्रा राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे। मनन कुमार गोपालगंज के रहने वाले हैं। और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष हैं।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और वरीय अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी का बिहार से राज्य सभा उम्म्मीदवार बनाये जाने पर वकीलों ने खुशी जताई है।वकीलों का कहना है कि अब वकीलों की समस्या का निदान होना संभव होगा। मनन मिश्रा ने कई वर्षों तक पटना हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में वकालत की। बाद में बिहार स्टेट बार काउंसिल के सदस्य निर्वाचित होने के बाद बीसीआई के बिहार प्रतिनिधि चुने गये और सुप्रीम कोर्ट में वकालत शुरू की। देश के इतिहास में पहली बार मनन मिश्रा बीसीआई के छह बार अध्यक्ष चुने गये।
बीते लोकसभा चुनाव में बक्सर सीट से लोकसभा के प्रबल दावेदार थे। लेकिन अंतिम समय में इन्हें टिकट नहीं मिला और इन्हें भाजपा के स्टार प्रचारक के लिस्ट में शामिल किया गया।उसी समय से यह उम्मीद लगाई जा रही थी कि राज्यसभा का टिकट दिया जायेगा।
आपको बता दें आरजेडी की मीसा भारती और बीजेपी के विवेक ठाकुर के लोकसभा सदस्य बनने के बाद राज्यसभा की दो सीटें खाली हो गई थी। जिन पर अब उपचुनाव होना है। विवेक ठाकुर 2020 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे, जिनका कार्यकाल 2026 तक था। वहीं मीसा भारती जून 2022 को राज्यसभा सदस्य बनी थी। और 2028 में उनका कार्यकाल खत्म होगा।
एक सीट भाजपा ने एनडीए सहयोगी पार्टी रालोमो प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा को दी है। कुशवाहा काराकाट संसदीय सीट से चुनाव हार गए थे। जबकि दूसरी सीट पर बीजेपी ने सुप्रीम कोर्ट के वकील मनन कुमार मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। और ब्राह्मण चेहरे पर दांव खेला है।
इससे पहले बीजेपी के उम्मीदवार की देरी से घोषणा के चलते उपेंद्र कुशवाहा को अपना नामांकन टालना पड़ा था। पहले कुशवाहा 20 अगस्त को नॉमिनेशन फाइल करने वाले थे। लेकिन बीजेपी प्रत्याशी के ऐलान में देरी के चलते नामांकन की तारीख 21 अगस्त तय की गई है।
बीजेपी ने आज 7 राज्यों की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जिसमें बिहार से मनन कुमार मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है, इसके अलावा असम की दो सीटों पर मिशन रंजन दास और रामेश्वर तेली को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं हरियाणा की एक सीट पर किरण चौधरी, मध्यप्रदेश से जॉर्ज कुरियन, महाराष्ट्र से धैर्यशील पाटिल, ओडिशा से ममता मोहंता, राजस्थान से सरदार रबनीत सिंह बिट्टू, त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्जी शामिल हैं। तीन सितंबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव होना है।
